नई दिल्ली : अगर आप आने वाले दिनों में हवाई सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। विमानन कंपनियों—एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने फ्यूल सरचार्ज (Fuel Surcharge) में बढ़ोतरी कर दी है। वैश्विक स्तर पर जारी तनाव के कारण एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है, जो एयरलाइंस के कुल खर्च का एक बड़ा हिस्सा होता है। बढ़ी हुई लागत के असर को संतुलित करने के लिए कंपनियों ने यह कदम उठाया है। नई दरें 9 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुकी हैं।
घरेलू उड़ानों पर कितना असर?
घरेलू उड़ानों में अब दूरी के हिसाब से यात्रियों को 400 रुपये से लेकर 1200 रुपये तक का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज देना होगा।
0 से 500 किमी: अब सरचार्ज बढ़कर 400 रुपये हो गया है।
501 से 1000 किमी: इसके लिए 600 रुपये चुकाने होंगे।
1001 से 1500 किमी: इस स्लैब में शुल्क 850 रुपये कर दिया गया है।
2000 किमी से ज्यादा: सबसे लंबी घरेलू उड़ानों पर यह सरचार्ज बढ़कर 1200 रुपये पहुंच गया है।
हालांकि, जिन यात्रियों ने पहले ही अपने टिकट बुक करा लिए हैं, उन्हें पुरानी दरों का ही लाभ मिलेगा और उन पर इस बढ़ोतरी का कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन यात्रा की तारीख या रूट बदलने पर नए नियम लागू हो सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का हाल
इंटरनेशनल रूट्स पर स्थिति मिली-जुली है। कुछ लंबी दूरी के रूट्स पर राहत दी गई है, जबकि खाड़ी देशों के लिए शुल्क बढ़ाया गया है:
उत्तरी अमेरिका: सरचार्ज 280 डॉलर से घटाकर 215 डॉलर कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया: इसे 280 डॉलर से घटाकर 210 डॉलर किया गया है।
यूरोप (यूके सहित): शुल्क 205 डॉलर से घटकर 135 डॉलर हो गया है।
वेस्ट एशिया और मिडिल ईस्ट: यहां सरचार्ज 50 डॉलर से बढ़ाकर 55 डॉलर प्रति एकतरफा यात्रा कर दिया गया है।
वहीं, अकासा एयर ने भी घरेलू उड़ानों में दूरी के आधार पर 375 रुपये से 1150 रुपये तक का सरचार्ज तय किया है, जबकि कुवैत, कतर, सऊदी अरब और थाईलैंड जैसे चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर 2500 रुपये प्रति यात्री सरचार्ज लागू किया गया है।