<
यूपी की जनता को मिला सिर्फ अंधेरे की सौगात : अखिलेश यादव
सांकेतिक तस्वीर


लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था को भाजपा ने चंद पूंजी घरानों के पास बंधक बना दिया है। जनता कंगाल होकर कराह रही है जबकि अमीर हर रोज समृद्धि और सम्पन्नता के नए शिखर छू रहे हैं। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन बनाने की दम्भपूर्ण घोषणा तो दोहराई जाती रही है, लेकिन यथार्थ में यह प्रदेश अब हर क्षेत्र में पिछड़ता ही चला जा रहा है।

दैनिक आवश्यकताओं की सभी चीजें डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, बिजली एवं खाने का तेल, खाद्य वस्तुएं सहित अन्य घरेलू सामान महंगा हो गया है। परिवारों का औसत खर्च चार माह में 43 प्रतिशत बढ़ गया है। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की दवाई की खरीद लोगों की जेब से बाहर है। भाजपा सरकार में महंगाई के शिकार लोग बद-से-बदतर जिंदगी जीने को विवश हैं। आम आदमी के लिए आगे जिंदगी चलाना आसान नहीं रह गया है।


अभी गेहूं खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की दर से नहीं हुई है। पांच बड़ी कम्पनियों ने किसानों से गेहूं खरीद लिया और अपने गोदामों में भण्डारण कर लिया। निश्चय ही अब अपनी मुनाफाखोरी की आदत के चलते वे महंगा आटा बेचेंगे। गरीब की रोटी-थाली सब जनता की पहुंच से बाहर हो जाएगी।

भाजपा राज में जनता भीषण गर्मी में झुलस रही है। डबल इंजन सरकार वादे के मुताबिक बिजली भी नहीं दे पा रही है। शहर से गांव तक अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार मचा है। भाजपा राज में पिछले पांच साल में एक बिजलीघर नहीं बना। भाजपा राज ने उत्तर प्रदेश को अंधेरे की सौगात के सिवा कुछ नहीं दिया।

अपराध के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश नम्बर एक बन चुका है। लूट, हत्या, अपहरण की खबरें रोजाना सुर्खियां बनती है। महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। हिरासत में मौतों का सिलसिला जारी है। फर्जी एनकाउंटर भी होते रहते हैं। मानवाधिकार आयोग इस सम्बंध में राज्य सरकार को कितनी ही नोटिसें जारी कर चुका है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें