थार में डैड अनिल कपूर से टकराते नजर आएंगे हर्ष वर्धन, चलिए जानते हैं दोनों का किरदार और कहानी
फाइल फ़ोटो


नेटफ्लिक्स की फिल्म एक वर्सेज एके में अनिल कपूर ने बेटे हर्ष वर्धन कपूर के साथ कुछ दृश्य साझा किये थे, मगर अब दोनों नेटफ्लिक्स की ही फिल्म थार में लीड रोल्स में नजर आएंगे। प्लेटफॉर्म ने फिल्म का एलान सोमवार को कुछ वर्किंग स्टिल्स शेयर करके किया। इन तस्वीरों में फिल्म के सभी मुख्य किरदारों की झलक नजर आ रही है। 

थार एक रिवेंज-नोइर थ्रिलर जॉनर की फिल्म है, जिसका निर्देशन राज सिंह चौधरी ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण अनिल कपूर फिल्म कम्पनी ने किया है। राज की यह पहली फिल्म है और उन्होंने इसे लिखा भी है, जबकि फिल्म के संवादों का सह-लेखन अनुराग कश्यप ने किया है। 

थार की कहानी अस्सी के दौर में सेट है। हर्ष वर्धन इस फिल्म में सिद्धार्थ नाम का किरदार निभा रहे हैं, जो काम की तलाश में पुष्कर जाता है और वहां से अपनी अतीत का बदला लेने के सफर पर निकलता है। फिल्म में फातिमा सना शेख और सतीश कौशिक भी अहम किरदारों में दिखेंगे।

अनिल कपूर ने फिल्म के बारे में कहा कि राजस्थान में सेट फिल्म एक नोइर-थ्रिलर है और क्लासिक वेस्टर्न जॉनर को एक ट्रिब्यूट है, जो भारतीय सिनेमा के दर्शकों के लिए बिल्कुल नया है। थार एक ऐसी मैदान भी माना जा सकता है, जहां नयी पीढ़ी इंडस्ट्री के पुराने कद्दावरों से मिलती है। फिल्म में हर्ष वर्धन और फातिमा की बिल्कुल नई पेयरिंग नजर आएगी। संगीरत अजय जयंती का है, जबकि सिनेमैटोग्राफी श्रेया देव दुबे की है। थार नेटफ्लिक्स पर इन्हीं गर्मियों में रिलीज की जाएगी।

हर्ष वर्धन की पिछली स्क्रीन प्रेजेंस नेटफ्लिक्स की एंथोलॉजी सीरीज रॉय है, जिसकी एक कहानी में उन्होंने राधिका मदान के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया था। इस फिल्म में हर्ष ने एक सुपरस्टार का किरदार निभाया था, जबकि राधिका धर्म गुरु के रोल में थीं। हर्ष ने 2016 में राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म मिर्ज्या से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था। इसके बाद 2018 में उनकी फिल्म भावेश जोशी सुपहीरो आयी थी। 

अधिक मनोरंजन की खबरें