बच्चों के टीकाकरण और वयस्कों के बूस्टर डोज लगाए जाने में लाए तेजी : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


लखनऊ :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां टीम-09 की बैठक कर प्रदेश में कोविड व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना के लिए रोकथाम के प्रयास की मौजूदा स्थिति संतोषजनक है। बावजूद इसके हमें सतर्क रहना होगा। साथ ही बच्चों के टीकाकरण और वयस्कों के बूस्टर डोज लगाए जाने को और तेज किए जाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक कोविड टीके की 31 करोड़ 85 लाख डोज लगाई जा चुकी है। 11 करोड़ 23 लाख से अधिक कोविड टेस्ट भी किए जा चुके हैं। 18 साल से अधिक आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 89.86 फीसदी वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल गयी है।

उन्होंने कहा कि 15 से 17 साल आयु वर्ग में 95.85 प्रतिशत से अधिक किशोरों को पहली खुराक मिल चुकी है और 69.80 प्रतिशत से अधिक किशोरों को दोनों डोज लग गयी है। 12 से 14 साल आयु वर्ग में 70 फीसदी से अधिक बच्चे टीकाकवर पा चुके हैं। इन्हें दूसरे डोज लगाया जाना भी शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थिति संतोषजनक है। बच्चों के टीकाकरण और वयस्कों के बूस्टर डोज लगाए जाने को और तेज किए जाने की जरूरत है।

पिछले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में 179 नए केस की पुष्टि हुई। इसमें गौतमबुद्ध नगर में 56, गाजियाबाद में 37, लखनऊ में 21 नए केस शामिल हैं। इसी अवधि 231 लोग स्वस्थ भी हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन जिलों में केस अधिक मिल रहे हैं वहां सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाया जाना अनिवार्य है। इसे लागू कराएं। लोगों को जागरूक करें। टेस्ट की संख्या बढ़ाये जाने की जरूरत है।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें