मुख्तार अंसारी की करीबी अलका राय की ढ़ांई करोड़ से अधिक की सम्पत्ति कुर्क
डॉ. अलका राय का हॉस्पिटल और कैश पर प्रशासन की कार्रवाई


बाराबंकी। माफिया और गुण्डा मुख्तार अंसारी की करीबी अलका राय की ढ़ांई करोड़ से अधिक की सम्पत्ति कुर्क की गई। यह कार्रवाई एम्बुलेंस प्रकरण के सन्दर्भ में हुई है। मुख्तार अंसारी गैंग (आईएस-191) की सदस्या और अभियुक्ता अलका राय की लगभग 02 करोड़ 67 लाख रुपये की सम्पत्ति कुर्क की गई। 

थाना कोतवाली नगर में पंजीकृत मु.अ.सं.-287/2022 धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट में एम्बुलेंस प्रकरण से सम्बन्धित मुख्तार अंसारी गैंग की सदस्या और अभियुक्ता डॉ. अलका राय पुत्र कैलाश नाथ राय निवासी भीटी, तहसील सदर, जनपद मऊ, हाल पता-श्याम संजीवनी अस्पताल एण्ड रिसर्च सेन्टर प्राइवेट लिमिटेड राष्ट्रीय राजमार्ग 29 संजीवनी विहार, बलिया मोड़, जनपद मऊ द्वारा गैंग लीडर व गैंग के सक्रिय सदस्यों के साथ मिलकर श्याम संजीवनी हास्पिटल के नाम से आपराधिक षड़यन्त्र कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर एम्बुलेंस नं. यूपी 41 एटी 7171 क्रय करने एवं संगठित गिरोह बनाकर अवैध कारोबार एवं अपराध से धनोपार्जन कर अवैध रूप से चल और अचल सम्पत्ति अर्जित की गई। 

बाराबंकी पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा जनपद मऊ के पुलिस एवं प्रशासन की मदद से उक्त सम्पत्ति को अन्तर्गत धारा 14(1) उ.प्र. गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत सम्पत्ति कुर्क की गई। कुर्क सम्पत्ति की कीमत लगभग दो करोड़ छियासठ लाख तिरसठ हजार नौ सौ अड़तालीस रुपये है। कुर्क हुई सम्पत्ति में राष्ट्रीय राजमार्ग 29 संजीवनी बिहार बलिया मोड़ पर निर्मित श्याम संजीवनी अस्पताल एण्ड रिसर्च सेन्टर प्राइवेट लिमिटेड जनपद मऊ हॉस्पिटल की बिल्डिंग है। जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 65 लाख रुपये और स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया शाखा मऊनाथभंजन जनपद मऊ में जमा 1 लाख 63 हजार 948 रुपये शामिल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें