पंचतत्व में विलीन हुए मुलायम सिंह यादव, बेटे अखिलेश ने नम आंखों से दी मुखाग्नि
मुलायम सिंह यादव


लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ इटावा जिले के उनके पैतृक गांव सैफई में 'सैफई महोत्सव समिति' के ग्राउंड में किया गया। उनके निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जनसैलाब को देखते हुए सैफई में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं इससे पहले पहले, सुबह 10 बजे उनकी पार्थिव देह को उनके पैतृक आवास से सैफई नुमाइश पंडाल के मंच पर लोगों के दर्शनार्थ रखा गया। यहां से अपराह्न 03 बजे उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए बगल में स्थित सैफई महोत्सव समिति के ग्राउंड में ले जाया गया। चिता को मुखाग्नि उनके पुत्र एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दी। इस मौके पर सपा महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव एवं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव सहित परिवार के अन्य लोग भी मौजूद रहे।

नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए सैफई में 'आम से लेकर खास' का जनसैलाब सोमवार से ही उमड़ने लगा था। आज अंतिम संस्कार के मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, सहारा प्रमुख सुब्रत राय समेत कई प्रमुख लोगों ने सैफई पहुंच कर मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए सपा नेता आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ सुबह ही सैफई पहुंच गए थे। 

इसके अलावा योग गुरु रामदेव, राकांपा प्रमुख शरद पवार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी, मेनका गांधी, वरुण गांधी, आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी भी मौजूद रहे।

कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व सांसद जया बच्चन और अभिषेक बच्चन, शरद पवार, सुप्रिया सुले, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी सैफई पहुंचकर मुलायम के अंतिम दर्शन किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम को सैफई पहुंचकर मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह भी सपा नेता के अंतिम दर्शन करने पहुंचे थे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें