दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की फिल्म 'मेरा नाम जोकर' के 52 साल हुए पूरे
मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर


बॉलीवुड में 'चिंटू' के नाम से मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर आज हमारे बीच बेशक नहीं है, लेकिन उन्हें भूलना हर किसी के लिए असंभव है। ऋषि कपूर के लिए आज का दिन यानी 18 दिसंबर बहुत खास था क्योंकि आज ही के दिन उनकी बॉलीवुड में डेब्यू 'मेरा नाम जोकर' रिलीज हुई थी। आज इस फिल्म ने अपनी रिलीज के 52 साल पूरे कर लिये हैं। 


अगर आज ऋषि कपूर जीवित होते तो वो भी आज इंडस्ट्री में अपने 52 पूरे कर लेते। ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में अपने अभिनय की शुरुआत फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से की, जो आज ही के दिन यानी 18 दिसंबर, 1970 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उन्हें अपने पिता राज कपूर के साथ अभिनय करने का अवसर मिला था।

इस फिल्म में ऋषि कपूर ने राजकपूर के बचपन का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके किरदार का नाम राजू था। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट के राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। फिल्म में ऋषि के अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। 

हालांकि इससे पहले ऋषि कपूर अपने पिता राजकपूर की फिल्म 'श्री 420' के एक गाने में छोटी सी भूमिका में नजर आ चुके थे। फिल्म मेरा नाम जोकर की सफलता के बाद 1973 में आई फिल्म 'बॉबी' से ऋषि ने बतौर अभिनेता अपने अभिनय की शुरुआत की और लगातार एक के बाद एक कई हिट फिल्में दी। लगभग चार दशक से ज्यादा समय तक बॉलीवुड में राज करने वाले ऋषि कपूर ने हर किसी के दिल को बखूबी जीता और दर्शकों के दिलों में अपनी खास पहचान बनाई। 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक मनोरंजन की खबरें