किसानों के लिए लखनऊ में खुलेगा अत्याधुनिक एग्री मॉल : मुख्यमंत्री  योगी 
मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार शाम को उस समय की जब वह राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के संचालक मंडल की 166वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।


लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नये साल में प्रदेश के किसानों को बड़ा उपहार देते हुए राजधानी लखनऊ में अत्याधुनिक एग्री मॉल खोलने की घोषणा की है। करीब 8000 वर्ग मीटर भूमि पर बनने वाला यह एग्री मॉल सात मंजिला होगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार शाम को उस समय की जब वह राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के संचालक मंडल की 166वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर किसानों के हित संरक्षण हेतु कई दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक नीतिगत प्रयास किए जा रहे हैं। प्राकृतिक खेती को प्रोत्सहित करने के लिए भी योजनाबद्ध रीति से कार्य किया जा रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, उत्पाद की ब्रांडिंग हो, सही बाजार मिले, इसके लिए राजधानी लखनऊ में एग्री मॉल स्थापित किया जाना आवश्यक है। यहां किसान सीधे अपने फल, सब्जियों की बिक्री कर सकेंगे। उपभोक्ताओं के लिए अच्छी गुणवत्ता के फल, सब्जियां और खाद्यान्न उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि मॉल में किसानों के विश्राम के लिए आवश्यक सुविधाएं हों। गोमतीनगर के विकल्प खंड में उपलब्ध लगभग 8000 वर्ग मीटर भूमि सात मंजिला आधुनिक एग्रो मॉल की स्थापना के लिए उचित होगा। मॉल में किसानों व खरीदारों के वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित व्यवस्था हो।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कृषि कार्य मे टिशू कल्चर तकनीक के प्रयोग के अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश में इस तकनीक को प्रोत्साहित करने के लिए अयोध्या में केले की खेती को बढ़ावा देने के लिए टिशू कल्चर प्रयोगशाला की स्थापना की जानी चहिए। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव भी मांगा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें