यूपी : बारात से वापस लौटते समय स्कॉर्पियो और बोलेरो की टक्कर, 5 की मौत
File Photo


बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गुरुवार को तड़के एक सड़क हादसा में पांच बारातियों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक बारात से वापस लौट रही स्कॉर्पियो और बोलेरो आपस में टकरा गई। घटनास्थल पर ही पांच बारातियों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन बाराती घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार चिल्ला थाना क्षेत्र के निवाइच गांव से बारात राजापुर चित्रकूट गई थी। वहां से वापस लौटते समय गुरुवार को तड़के चार बजे पपरेंदा गांव के समीप गल्ला गोदाम के सामने बारात से लौट रही स्कॉर्पियो और बोलेरो आपस में टकरा गई। 


दोनों वाहन टकराने के बाद खाईं में गिर गए। इससे दोनों वाहनों में सवार चार लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। घटना में मृत लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के शिकार हुए लोगों में तीन लोग निवाइच गांव के हैं। एक व्यक्ति पिपरहरी गांव का बताया जा रहा है। दुर्घटना में घायल हुए आधा दर्जन लोगों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एसपी बांदा अभिनंदन ने बताया कि राजापुर जनपद चित्रकूट से बारात से वापस निवाइच थाना पैलानी अपने गांव जा रहे थे। दोनों वाहनों में कुल मिलाकर 11 व्यक्ति सवार थे। सभी अत्यधिक शराब के नशे में थे। गाड़ियों में शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। चालकों के अत्यधिक नशे में होने के कारण दोनों वाहन मिरगहनी थाना तिंदवारी के पास एक दूसरे को ओवरटेक करने के चक्कर में टकरा गए। फिर अनियंत्रित होकर सामने पेड़ से टकरा गए। इसमें पांच व्यक्तियों की मृत्यु हो गई और छह लोग घायल हुए हैं।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें