झांसी में बोले संजय निषाद-कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना
कैबिनेट मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद


झांसी : विपक्ष के लोग कुछ तो कहेंगे ही, उनका काम ही कुछ न कुछ कहना है। यह बातें शनिवार को झांसी दौरे पर आए निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उप्र सरकार में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने कही। 

मत्स्य मंत्री ने झांसी के सर्किट हाउस में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान ‘आलू सरकार गिरा देगा’ के जवाब में मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने सपा अध्यक्ष को सुझाव दिया कि वह अपने सलाहकार ऐसे ही बनाए रखें तो भाजपा को उनका विरोध करने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद ने आगे कहा कि कभी प्याज तो कभी आलू की बातें बहुत समय से होती आ रही हैं। हमारी सरकार की एक खासियत है कि उन्होंने जनता का भरोसा जीता है। इसी के चलते योगी आदित्यनाथ को प्रदेश के सारे रिकॉर्ड तोड़कर जनता ने दूसरी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया है। पुरानी सरकारों में व्यापारी किसी भी समिट में जाने से डरते थे, आज उत्तर प्रदेश समिट में निवेशकों की संख्या देख कर लोग दांतों तले उंगलियां दबा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि पूर्व की रावण रूपी सरकारें राम रूपी सरकारें आने के बाद खुद शांत होती जा रही हैं। उन्होंने भाजपा की तारीफ करते हुए देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निषाद समाज का शुभ चिंतक बताया। कहा कि भाजपा सरकार किसानों की हितैषी है। यदि वास्तव में किसानों की लागत आलू की खरीद में नहीं निकल रही होगी तो मुख्यमंत्री से मिलकर उसे बढ़वाने का कार्य किया जाएगा। 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें