नई दिल्ली : अमेरिका-इजराइल और ईरान के युद्ध ने जिस तरह कच्चे तेल की कीमतों में आग लगा रखी है, उससे भारत की जनता पर भले ही अभी तक असर न पड़ा हो लेकिन पाकिस्तान तबाही की ओर बढ़ गया है. ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड का भाव 92 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा पहुंचते ही पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल के दाम बेतहाशा बढ़ा दिए हैं. पाकिस्तान में एक झटके में ही पेट्रोल की कीमत 55 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बढ़ चुकी है और अब पड़ोसी देश में भारत के मुकाबले तीन गुना से भी ज्यादा दाम पर पेट्रोल बिक रहा है.
पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, पड़ोसी देश की सरकार ने आर्थिक तंगी से जूझती इकनॉमी को बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. पाक सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 55 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है. इस बढ़ोतरी के बाद वहां पेट्रोल 321.17 रुपये लीटर तो डीजल 335.86 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आए उछाल के बाद पाकिस्तानी सरकार को भी खुदरा दाम बढ़ाना पड़ा है. सरकार का मकसद अर्थव्यवस्था पर बढ़ते दबाव को कम करना है.
क्या बोली पाकिस्तान सरकार
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ईशाक डार ने देश की जनता को बताया है कि सरकार के पास बहुत सीमित विकल्प हैं फिर भी ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल को संभालने के लिए कुछ भारत जनता पर भी डालना पड़ा है. उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर कच्चे तेल का बोझ काफी पड़ रहा है. यही वजह है कि देश में तेल की खुदरा कीमतों को भी बढ़ाना पड़ा है.
आईएमएफ के दबाव में बढ़ाई कीमत
पाकिस्तान की मीडिया का कहना है कि सरकार को यह फैसला अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ के दबाव में लेना पड़ा है. दरअसल, आईएमएफ ने पाकिस्तान को मोटा कर्ज दिया है जिसका ब्याज चुकाना उसके लिए महंगे क्रूड की वजह से भारी पड़ रहा है. यही वजह है कि आईएमएफ ने पाक सरकार को तत्काल पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाने का आदेश दिया है. कीमतों में बढ़ोतरी से पहले पाकिस्तान के अधिकारियों और आईएमएफ के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई थी.
पेट्रोल पंप पर लगी लाइन
सरकार के पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किए जाने से पहले ही पाकिस्तानी जनता को इसका भान हो गया था. यही वजह रही कि शुक्रवार देर रात तक पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन लगी रही. लोगों का कहना है कि आगे भी क्रूड का भाव बढ़ेगा जिससे आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है. पाकिस्तान में फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों की हर सप्ताह समीक्षा की जा रही है और मौके की नजाकत को देखते हुए इसमें बढ़ोतरी की जाती है.




