नई दिल्ली : बॉलीवुड में आज से पहले जब कभी भी भोजपुरी गानों या सितारों का मिलन हुआ है, वो चीज लोगों को पसंद जरूर आई है। दो साल पहले स्त्री 2 में 'पावर स्टार' पवन सिंह के गाने आई नहीं ने गर्दा उड़ाया था। इसके बाद खेसारी लाल यादव भी वरुण धवन की फिल्म में होली सॉन्ग लाकर छाए थे। अब भोजपुरी हसीना अक्षरा सिंह भी जब अक्षय कुमार संग गाने में नजर आईं, तो वो भी हिट हो गया।
अक्षरा सिंह, दरअसल अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म वेलकम टू द जंगल के गाने 'घिस घिस घिस' में नजर आईं जो एक भोजपुरी तड़के से भरपूर आइटम सॉन्ग था। इस गाने से अक्षरा ने अपना हिंदी फिल्मों में डेब्यू भी किया था। भोजपुरी सिनेमा में वो पहले से ही बड़ी स्टार थीं, लेकिन अक्षय के साथ आए नए गाने ने उनके स्टारडम को और भी बड़ा बना डाला है।
अक्षरा और अक्षय कुमार के नए गाने को यूट्यूब पर आए 13 दिन बीत चुके हैं और इसे इतने कम समय में 23 मिलियन से ज्यादा लोगों ने देख डाला है। दिलचस्प बात ये है कि ये गाना अभी भी ट्रेंडिग लिस्ट में बना हुआ है। इस खास मौके को एक्ट्रेस ने भी सेलिब्रेट किया है। भोजपुरी हसीना ने अक्षय संग अपनी नई तस्वीर शेयर की है, जिसमें वो उनके घिस घिस गाने को मिले प्यार से बेहद खुश हैं। एक्ट्रेस ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए फैंस से सवाल किए कि वो अक्षय और उनकी जोड़ी को कितने नंबर देंगी।
अक्षरा सिंह का जब गाना रिलीज हुआ था, तब उनकी तरफ से भी काफी इमोशनल रिएक्शन्स देखने मिले थे। एक्ट्रेस की मां अपनी बेटी को बॉलीवुड सुपरस्टार संग नाचते हुए देखकर खुशी से रो पड़ी थीं। उनके आंसू देख अक्षरा भी रोने लगीं। बता दें कि अक्षरा सिंह का नाम एक वक्त पर भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह संग जुड़ा था, लेकिन रिश्ता टूटने के बाद करियर पर बुरा असर पड़ा था। अब उन्होंने अपनी मेहनत से वापस सक्सेस ढूंढ ली है। बात करें अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल की, तो ये 26 जून को थिएटर्स में रिलीज होनी है।




