मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने NTA दफ्तर का किया दौरा, बोले-परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान


नई दिल्ली : 21 जून को होने वाली री-NEET परीक्षा से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान खुद मैदान में उतर गए हैं। उन्होंने NTA दफ्तर का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने साफ कहा कि साइबर खतरे को लेकर सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

सुरक्षा से लेकर गोपनीयता तक: हर बिंदु पर हुई चर्चा
शिक्षा मंत्री ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, छात्रों की सुविधाएं, निगरानी तंत्र और तकनीकी इंतजामों का पूरा ब्यौरा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सारी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों। लाखों छात्रों के भविष्य का सवाल है, इसलिए पारदर्शिता और विश्वसनीयता सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

केंद्र-राज्य में तालमेल जरूरी: अफवाहों से बचने की अपील
धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्र और राज्य की एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए जरूरी सुविधाएं और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा। साथ ही छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। भ्रामक खबरों और अफवाहों से दूर रहें।

छात्रों को मंत्री का मैसेज: आप पढ़ो, परीक्षा हमारी जिम्मेदारी
शिक्षा मंत्री ने छात्रों को सलाह दी कि वे सिर्फ पढ़ाई पर फोकस करें। परीक्षा का जिम्मा सरकार पर छोड़ दें। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी तैयारी में जुटे हैं और सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री ने भरोसा जताया कि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से होगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक सेहत/एजुकेशन की खबरें