लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन को लेकर अपनी मंशा साफ करते हुए एक बड़ा राजनीतिक संकल्प जाहिर किया है। देवरिया और लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया था कि जैसे ही केदारेश्वर धाम का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, वे रामनगरी अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन अवश्य करेंगे।
अखिलेश यादव ने बताया कि उन्होंने पूर्व विधायक पवन पांडे को निर्देश दिया है कि वे अयोध्या के प्रमुख महंतों और विद्वान पंडितों से विचार-विमर्श कर मंदिर दर्शन के लिए शुभ मुहूर्त निकलवाएं। सनातन धर्म की व्याख्या करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि सनातन का वास्तविक अर्थ सत्य और सेवा का मार्ग है, जबकि भारतीय जनता पार्टी खुद को सनातन की एकमात्र ध्वजवाहक बताकर केवल राजनीति करती है।
राजनीतिक सलाह और जेवर एयरपोर्ट पर हमला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने का सुझाव देने पर अखिलेश ने कहा कि यह कोई चुनौती नहीं, बल्कि एक सहज राजनीतिक सलाह थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाने का दावा तो किया, लेकिन वहां की स्थानीय जनता के साथ भारी भेदभाव हुआ। विकास के नाम पर लोगों के घर और दुकानें तो छीन ली गईं, लेकिन उन्हें जमीनों का उचित बाजार भाव नहीं दिया गया।
दूसरी ओर, जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भारतीय एवं सनातनी परंपराओं में किसी भी जीवित व्यक्ति के नाम पर एयरपोर्ट या स्मारक बनाना अशोभनीय माना जाता है। सरकार को अपनी सत्ता खिसकने का अहसास हो चुका है, इसलिए वे ऐसे नामकरण कर रहे हैं। कुशीनगर एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादियों द्वारा बनाए गए बुनियादी ढांचे को भी बीजेपी सरकार सही ढंग से चलाने में पूरी तरह नाकाम रही है।




