नई दिल्ली : रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच आइसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप का 52वां मुकाबला कोलकाता के मैदान पर खेला गया. इस मुकाबले में संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की पारी के दम पर टीम इंडिया ने 5 विकेट से मैच जीता. इस जीत के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया. वहीं, मैच में मिली हार के बाद वेस्टइंडीज का सफर अब खत्म हो गया है.
आज खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर सूर्यकुमार यादव ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. विंडीज ने 196 रनों का टारगेट भारत के सामने रखा था. जिसे भारत ने 20वें ओवर में चेज कर लिया. अब भारत का सेमीफाइनल मैच इंग्लैंड के साथ 5 मार्च को मुंबई में खेला जाएगा.
भारत की टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी रन चेज की. भारत ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में 180 प्लस का रन चेज किया. भारत ने छठी बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मिली इस शानदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने खिताबी जीत की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं.
भारत की पारी
196 के जवाब में उतरी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने संभली शुरुआत की. लेकिन तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक अपना विकेट गंवा बैठे. उन्होंने केवल 10 रन बनाए. इसके बाद 5वें ओवर में ईशान किशन भी अपना विकेट गंवा बैठे. ईशान के बल्ले से केवलल10 रन आए. 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 53-2 था. लेकिन इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन के बीच अच्छी साझेदारी हुई. दोनों ने तेजी से रन बनाए और रिस्क फ्री शॉट खेले. इसी बीच संजू सैमसन ने केवल 26 गेंदों में फिफ्टी जड़ दी और 10वें ओवर में ही भारत का स्कोर 100 के करीब पहुंचा दिया. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 98-2 था.
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी
पहले बैटिंग के लिए वेस्टइंडीज के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज शाई होप और रोस्टन चेज की जोड़ी मैदान में पहुंची. दोनों ने संभली शुरुआत की. 5वां ओवर लेकर बुमराह आए. उन्होंने एक मौका बनाया. लेकिन अभिषेक शर्मा ने एक आसान सा कैच छोड़ दिया. 6 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 45-0 था. 9वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने भारत को पहली सफलता दिलाई, जब उन्होंने शाई होप को बोल्ड किया. होप ने 33 गेंद में 32 रन बनाए. 68 के स्कोर पर विंडीज को पहला झटका लगा. 10 ओवर के बाद विंडीज का स्कोर 82-1 था.




