लखनऊ एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर इमरजेंसी लैंडिंग, केबिन में भरा धुआं
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए. उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट (चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा) पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. गनीमत रही कि इस घटना में डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं और अब दूसरे हेलिकाप्टर से कौशांबी के लिए रहे निकल गए.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य आज लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड से कौशाम्बी के लिए रवाना हुए थे. अभी हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी ही थी कि अचानक उसमें तकनीकी समस्या आ गई. देखते ही देखते हेलीकॉप्टर के भीतर तेजी से धुआं भरने लगा, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
खतरे को भांपते हुए पायलट ने फौरन एटीसी (ATC) से संपर्क किया और हेलीकॉप्टर को नजदीकी लखनऊ एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया. पायलट की सतर्कता की वजह से हेलीकॉप्टर को सुरक्षित लैंड करा लिया गया. गनीमत रही कि इस घटना में उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है.

जांच में जुटी तकनीकी टीम
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर प्रशासन और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंच गए. फिलहाल तकनीकी टीम इस बात की जांच कर रही है कि आखिर उड़ते हेलीकॉप्टर में धुआं क्यों भरा और खराबी की मुख्य वजह क्या थी. डिप्टी CM के सुरक्षित होने की खबर से समर्थकों और शासन ने राहत की सांस ली है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें