आसिम मुनीर के सऊदी पहुंचते ही ईरान के राष्ट्रपति ने मांगी माफी, बोले- पड़ोसियों पर नहीं करेंगे हमला
ईरानी राष्ट्रपति ने सरकारी टीवी पर प्रसारित अपने भाषण में कहा कि ईरान का इरादा क्षेत्र के पड़ोसी देशों को निशाना बनाने का नहीं है.


तेहरान : मिडिल ईस्ट की जंग के बीच एक बड़ा कूटनीतिक मोड़ सामने आया है. पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के सऊदी अरब पहुंचकर सुरक्षा वार्ता करते ही ईरान की तरफ से नरम संकेत मिल गए हैं. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए कहा है कि अब ईरान उनकी जमीन को निशाना नहीं बनाएगा, लेकिन साथ में चेतावनी भी दी है. ईरानी राष्ट्रपति ने सरकारी टीवी पर प्रसारित अपने भाषण में कहा कि ईरान का इरादा क्षेत्र के पड़ोसी देशों को निशाना बनाने का नहीं है, लेकिन उनकी तरफ से हमला हुआ तो जवाबी कार्रवाई होगी. उन्होंने साफ कहा कि अगर किसी पड़ोसी देश की जमीन से ईरान पर हमला नहीं होता है तो तेहरान भी उस देश पर मिसाइल या ड्रोन हमला नहीं करेगा.

ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने क्यों माफी मांगी?
पेजेशकियन ने कहा, ‘मैं अपनी ओर से और ईरान की ओर से उन पड़ोसी देशों से माफी मांगता हूं जिन्हें इस संघर्ष के दौरान निशाना बनाया गया.’ उन्होंने बताया कि ईरान की अंतरिम नेतृत्व परिषद ने यह नीति मंजूर की है कि अब पड़ोसी देशों पर कोई हमला नहीं किया जाएगा, जब तक वहां से ईरान पर हमला न हो. ईरान का यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर सऊदी अरब पहुंचे और वहां सऊदी रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान के साथ अहम सुरक्षा बैठक की. इस बैठक में ईरान के हालिया ड्रोन और मिसाइल हमलों पर चर्चा हुई. इसके अलावा सऊदी अरब और पाकिस्तान के डिफेंस पैक्ट पर भी बात हुई. इस डिफेंस पैक्ट के मुताबिक किसी एक देश पर हमला दूसरे देश पर भी हमला माना जाता है.

आसिम मुनीर सऊदी अरब क्यों पहुंचे?
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक बैठक में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हुए रणनीतिक रक्षा समझौते के तहत क्षेत्रीय सुरक्षा हालात पर चर्चा हुई. यह समझौता 2025 में हुआ था और इसके तहत दोनों देश एक-दूसरे की सुरक्षा में सहयोग करने पर सहमत हैं. सूत्रों के अनुसार आसिम मुनीर ने सऊदी नेतृत्व को भरोसा दिया कि अगर सऊदी अरब की सुरक्षा को खतरा हुआ तो पाकिस्तान रक्षा और रणनीतिक सहयोग देने के लिए तैयार है. बैठक में खुफिया सहयोग, सैन्य समन्वय और क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

क्या मुनीर के कारण माफी मांग रहे ईरानी राष्ट्रपति?
ईरानी राष्ट्रपति की ओर से पड़ोसियों से माफी मांगने और आसिम मुनीर के सऊदी अरब पहुंचने की टाइमिंग एक है. इससे ऐसा लग सकता है कि पाकिस्तान के कारण शायद पेजेश्कियान माफी मांग रहे हैं. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. दरअसल अमेरिका के कई सैन्य अड्डे खाड़ी के अलग-अलग देशों में हैं. सऊदी में भी अमेरिकी बेस है, जिस पर ईरान ने हमला किया था. कई ड्रोन और मिसाइलों को सऊदी ने रोक दिया. वहीं कुछ मिसाइलें शहर में गिरीं, जिसके बाद से ईरान की खाड़ी के देश लगातार आलोचना कर रहे थे. 


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें