काबुल: अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर एक बार फिर सीमा से सटे इलाकों में हवाई हमले करने का आरोप लगाया है। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने कुनार, खोस्त और पकतिका प्रांतों में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाते हुए बमबारी की। इन हमलों में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग सहित कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, खोस्त प्रांत के स्पेरा जिले में एक घर पर हुए हमले में 9 लोगों की जान चली गई और 10 लोग घायल हो गए। वहीं पकतिका प्रांत में हुए अलग हमले में 3 लोगों की मौत की खबर है। अफगानिस्तान ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर नागरिक आबादी को निशाना बनाया, हालांकि पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि फरवरी में दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष के बाद सीमा पर कुछ समय शांति रही थी, लेकिन अब फिर से तनाव बढ़ने लगा है। पाकिस्तान लंबे समय से तालिबान सरकार पर पाकिस्तानी तालिबान (TTP) को शरण देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि अफगानिस्तान पाकिस्तान पर सीमा पार हमले और नागरिकों को निशाना बनाने के आरोप लगाता है। इस ताजा घटना के बाद दोनों देशों के रिश्तों में और कड़वाहट आने की आशंका जताई जा रही है।




