मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के बीच आज महिला प्रीमियर लीग का एलिमिनेटर मैच डीवाय पाटिल स्‍टेडियम पर खेला जाएगा
फाइल फोटो


मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के बीच आज मुंबई के डीवाय पाटिल स्‍टेडियम पर महिला प्रीमियर लीग का एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें जीत के लिए अपना एड़ी-चोटी का जोर लगाएंगी। जीतने वाली टीम फाइनल में प्रवेश करेगी, जहां उसका मुकाबला दिल्‍ली कैपिटल्‍स से होगा।


मुंबई और यूपी के बीच मैच का लाइव प्रसारण भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे होगा। टॉस आधे घंटे पहले होगा। मुंबई इंडियंस की कमान हरमनप्रीत कौर संभालेंगी। एलिसा हीली यूपी वॉरियर्स का नेतृत्‍व करेंगी। डब्‍ल्‍यूपीएल 2023 के लीग चरण के बाद प्‍वाइंट्स टेबल पर गौर करें तो मुंबई इंडियंस दूसरे स्‍थान पर रही जबकि यूपी वॉरियर्स तीसरे स्‍थान पर थी।

याद दिला दें कि हरमनप्रीत कौर के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस ने सबसे पहले प्‍लेऑफ में एंट्री की थी, लेकिन बाद में उसके प्रदर्शन में गिरावट आई और वो अंक तालिका में दूसरे स्‍थान पर फिसल गई। मुंबई और यूपी के बीच मुकाबला रोमांचक होने की उम्‍मीद है। चलिए जानते हैं कि डीवाय पाटिल स्‍टेडियम की पिच से किसे मदद मिलेगी और मुंबई का मौसम क्‍या बयां कर रहा है।

डीवाय पाटिल स्‍पोर्ट्स एकेडमी की पिच से बल्‍लेबाजों को मदद मिलती रही है। पिछले पांच मैचों में पहली पारी का औसत स्‍कोर 141 रन रहा है। यहां टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। ऐसा इसलिए क्‍योंकि यहां ओस अहम भूमिका निभा सकती है। वैसे, यहां स्पिनर्स को भी मदद मिलने की उम्‍मीद है क्‍योंकि पिच थोड़ी धीमी है।

मुंबई में आज का मौसम एकदम साफ रहने की उम्‍मीद है। दिन में तापमान 31 डिग्री सेलसियस तक रहने की उम्‍मीद है जो कि शाम के समय घटकर 24 डिग्री तक जा सकता है। यहां बारिश की संभावना नहीं है तो फैंस को पूरा एक्‍शन देखने को मिल सकता है। मुंबई में हवा 23 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्‍मीद है और उमस 55 प्रतिशत तक रहने की उम्‍मीद है। दोनों ही टीमों में कई ऐसी धाकड़ महिला खिलाड़ी मौजूद है, जो अपने दम पर मैच का रुख पलट सकती हैं।

अधिक खेल की खबरें