IND vs SA : बुमराह का 'पंजा', साउथ अफ्रीका पहली पारी में सिर्फ 159 रनों पर ढेर
जसप्रीत बुमराह


कोलकाता : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज (14 नवंबर) हो रहा है. मैच का टॉस अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में सिर्फ 159 रन बनाए. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए. 

अब भारत की पहली पारी चल रही है. भारत का स्कोर 8 रनों को पार कर चुका है और उसका कोई विकेट नहीं गिरा है. यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल नाबाद बैटर हैं. 

बुमराह को 5, कुलदीप को 2, स‍िराज को 2 सफलता
कोलकाता टेस्ट के पहले द‍िन भारतीय गेंदबाजों ने कमाल किया. हालांकि साउथ अफ्रीकी टीम ने सधी हुई और तेज शुरुआत की थी. भारतीय टीम को पहली सफलता जसप्रीत बुमराह ने र‍यान र‍िकेल्टन के रूप में द‍िलाई. र‍ियान बुमराह की गेंद पर बोल्ड हुए. र‍यान जब आउट हुए तो वो अफ्रीकी पारी का 11वां ओवर था, वहीं बुमराह का 6 ओवर था; इसके बाद बुमराह ने अपने सातवें ओवर में एडेन मार्करम को भी व‍िकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपकवा दिया. मार्करम जब आउट हुए तो अफ्रीकी टीम का स्कोर 62/2  हो गया.

इसके बाद स्कोर में 9 रन और जुड़े और कुलदीप यादव ने अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा को लेग स्ल‍िप पर तैनात ध्रुव जुरेल के हाथों लपकवाया.  लंच तक साउथ अफ्रीका टीम का स्कोर 105/3 (27 ओवर्स) था. ले‍क‍िन लंच के तुरंत बाद ही कुलदीप का मैज‍िक फ‍िर चला और उन्होंने खतरनाक लग रहे व‍ियान मुल्डर को LBW आउट क‍िया. मुल्डर के आउट होने के बाद टोनी डी जोरजी भी 24 रन पर बुमराह की अंदर आती गेंद पर LBW हो गए.

इसके बाद अफ्रीकी टीम थोड़ी ही संभली लग रही थी, लेकिन फ‍िर स‍िराज का जादू चला. उन्होंने अपने एक ही ओवर में दो व‍िकेट लिए. पहले उन्होंने काइल वेरेने को आउट क‍िया, इसके बाद उन्होंने मार्को जानसेन का श‍िकार क‍िया. इस तरह अफ्रीकी टीम का स्कोर 147/7 हो गया. वहीं चायकाल से कुछ देर पहले कॉर्बिन बॉश अक्षर पटेल की गेंद पर 3 रन बनाकर LBW हो गए. फिर बुमराह ने साइमन हार्मर और केशव महाराज के विकेट लेकर साउथ अफ्रीका की पारी समेट दी. बुमराह ने 27 रन देकर 5 विकेट झटके.

भारत के लिए सर्वाधिक 5 विकेट हॉल (टेस्ट क्रिकेट)
37- रविचंद्रन अश्विन (106 टेस्ट)
35- अनिल कुंबले (132 टेस्ट)
25- हरभजन सिंह (103 टेस्ट)
23- कपिल देव (131 टेस्ट)
16- जसप्रीत बुमराह (51 टेस्ट)/ भगवत चंद्रशेखर (58 टेस्ट)

विकेट पतन: 1-57 (र‍ियान रिकेल्टन, 10.3 ओवर), 2-62 (एडेन मार्करम, 12.1 ओवर),  3-71 (टेम्बा बावुमा, 15.6 ओवर), 4-114 (वियान मुल्डर, 29.5 ओवर) 5-120 (टोनी डी जोरजी, 32.3 ओवर), 6-146 (काइल वेरेने, 44.1 ओवर), 7-147 (मार्को जानसेन, 44.4 ओवर), 8-154 (कॉर्बिन बॉश, 51.6 ओवर), 9-159 (साइमन हार्मर, 54.3 ओवर), 10-159 (केशव महाराज, 54.6 ओवर)

मुकाबले में भारतीय टीम में अक्षर पटेल को मौका दिया गया. वही वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ हाल में दिल्ली टेस्ट में खेले साई सुदर्शन को इस मुकाबले में मौका नहीं मिला. ऋषभ पंत की इस मुकाबले में वापसी हुई है. वहीं ध्रुव जुरेल भी टीम में हैं. दोनों देशों के बीच कोलकाता में इससे पहले 3 मुकाबले हुए हैं, जहां 2 बार भारत को जीत मिली है और एक बार साउथ अफ्रीका की टीम जीती है. 

कोलकाता टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग 11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज



अधिक खेल की खबरें