नई दिल्ली : IPL 2026 का 40वां मुकाबला मंगलवार को पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया. जिसमें राजस्थान की टीम ने 6 विकेट से जीत हासिल की. ये आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की पहली हार है. ये मैच न्यू चंडीगढ़ में हुआ. जहां टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. पंजाब की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए प्रभसिमरन सिंह और मार्कस स्टोइनिस की फिफ्टी के दम पर 222 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी राजस्थान ने आखिरी ओवर में ये टोटल चेज कर लिया.
वैभव ने जड़े 5 छक्के, राजस्थान ने ऐसे किया चेज
223 रनों के जवाब में उतरी राजस्थान की शुरुआत वैभव और यशस्वी ने की. वैभव ने 16 गेंद में 43 रन बनाए. जिसमें 5 छक्के और 3 चौके जड़े यानी केवल 1 रन दौड़कर लिए. लेकिन चौथे ओवर में अर्शदीप ने उनका विकेट झटका.
इसके बाद यशस्वी ने धुआंधार बल्लेबाजी की और 27 गेंद में 51 रन जड़ दिए. वहीं रियान पराग ने भी अच्छी बल्लेबाजी की. ध्रुव जुरेल ने भी 16 रन बनाए. लेकिन इसके बाद फरेरा और शुभम दुबे का तूफान आया. फरेरा ने 26 गेंद में नाबाद 52 रनों की पारी खेली और शुभम ने नाबाद 12 गेंद में 31 रन बनाए. जिसके दम पर राजस्थान ने ये मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया.
ऐसे रही पंजाब की बैटिंग
पंजाब के लिए पारी का आगाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने किया. प्रियांश ने ताबड़तोड़ अंदाज में शुरुआत की लेकिन तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर ने उनका विकेट झटक लिया. प्रियाश के बल्ले से 11 गेंद में 29 रन आए. लेकिन इसके बाद प्रभसिनरन सिंह और कूपर कोनली ने पारी को संभाला और पावरप्ले में पंजाब का स्कोर 65-1 तक पहुंचा दिया.
लेकिन 9वें ओवर में पंजाब को दूसरा झटका लगा जब कोनली 30 रन बनाकर आउट हो गए. इसी बीच, 12वें ओवर में प्रभसिमरन सिंह ने 35 गेंद में फिफ्टी लगाई. लेकिन प्रभसिमरन 44 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद श्रेयस अय्यर भी 27 गेंद में 30 रन बना सके. लेकिन मार्कस स्टोइनिस ने तेजी से रन बनाए और 20 गेंद में ही फिफ्टी जड़ दी. जिसके चलते पंजाब की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए.
अंक तालिका का हाल
पंजाब की टीम इस मुकाबले में मिली हार के बाद भी टॉप पर बनी हुई है. पंजाब ने 8 मैच में 13 अंक बंटोरे हैं. वहीं, दूसरे नंबर पर आरसीबी है जिसके 8 मैच में 12 अंक हैं. वहीं, अब तीसरे नंबर पर राजस्थान है जिसके 9 मैच में 12 अंक हो गए हैं.