यूपी :  कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से भिड़ी बस, चार श्रमिकों की मौत, 12 घायल
हादसे के बाद बस का हाल


कुशीनगर :  उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। बिहार के मधेपुरा से पंजाब के पटियाला में धान की रोपनी के लिए मजदूरों को लेकर जा रही बस (पीबी 30एन 8878) के हाटा नगर के समीप नेशनल हाइवे पर बालू लदे खड़े ट्रक से भिड़ जाने से बस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में दो मजदूरों की मृत्यु मौके पर हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। हादसा रात दो बजे हुआ। आसपास लोग तेज आवाज सुनकर दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी हाटा पहुंचाया। चिकित्सक ने पूरन सादा (18) निवासी बराही थाना, जिला मधेपुरा बिहार तथा धीरेन (18) निवासी बेलारी जिला मधेपुरा को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल ले जाते जाते समय सुशील (30) पुत्र सुकन निवासी बराही, मधेपुरा और हृदय (50) निवासी बराही थाना मधेपुरा ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना मे ठेकेदार राजेश, राजकुमार, विकास सादा, विजय सादा सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बस मे लगभग 80 लोग सवार थे। सभी मजदूर और ठेकेदार मधेपुरा जिले के ही निवासी हैं।

कोतवाल राजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अभी तहरीर नहीं मिली है। सभी मजदूर रोजी-रोटी के लिए रोपनी करने जा रहे थे। ठेकेदार ने बताया कि हर वर्ष खेती के सीजन में जाते हैं और वहां मजदूरी करते हैं। कुछ दिन बाद वापस घर लौटते हैं।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें