2024 लोकसभा चुनाव कांग्रेस का यूपी में नहीं खुलेगा खाता : उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ : भाजपा के वरिष्ठ नेता व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि देश की राजनीति में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा। कांग्रेस देश में भ्रष्टाचारियों की संरक्षक बनकर उभरना चाहती है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के अपमान को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपमान करने का काम किया है। प्रधानमंत्री के पद पर नरेन्द्र मोदी को राहुल गांधी के जीजा, दीदी और मम्मी को सहन नहीं हो रहा है। वह प्रधानमंत्री के पद पर अपना जन्म सिद्ध अधिकार समझते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के अपमान से देश के 50 प्रतिशत से अधिक पिछड़े वर्ग को घाव लगा था। अदालत ने राहुल गांधी को दोषी करार देकर मरहम लगाने का काम किया है। कांग्रेस ने मोदी के लिए कभी मौत का सौदागर और कभी नीच जैसे शब्दों का प्रयोग कर समाज के वंचित, पिछड़े व गरीब लोगों को अपमानित करने का काम किया। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की मर्यादा का भी ख्याल नहीं रखा। कांग्रेस के युवराज भारत के लोकतंत्र पर भी सवाल उठाते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने वाले नेता बनकर उभरे हैं। कांग्रेस सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। मोदी सरकार ने केन्द्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों में भी पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे और प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें