लखनऊ:
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में बड़ा मोड़ आया है। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान आवश्यक प्रस्तावक न होने के कारण दो निर्दलीय उम्मीदवारों के आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। इसके साथ ही अब चुनावी मुकाबले की स्थिति समाप्त हो गई है और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 8 तथा समाजवादी पार्टी (SP) के 2 उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है।
बिना प्रस्तावक पर्चा भरना पड़ा भारी
निर्वाचन अधिकारी अजीत वर्मा के अनुसार, कुल 12 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे थे। हालांकि, निर्दलीय प्रत्याशी कंटे स्याना और ओंकार नाथ चौरसिया नियमानुसार जरूरी प्रस्तावकों का समर्थन नहीं जुटा सके। औपचारिकताएं पूरी न होने के चलते चुनाव आयोग ने उनके नामांकन निरस्त कर दिए।
9 अक्टूबर को मिलेगा जीत का सर्टिफिकेट
नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब 9 अक्टूबर तक नाम वापसी की अंतिम तिथि रखी गई है। चुंकी सीटों की संख्या (10) और वैध उम्मीदवारों की संख्या (10) बराबर है, इसलिए 9 अक्टूबर को नाम वापसी का समय बीतते ही सभी 10 प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी और उन्हें जीत के प्रमाणपत्र दे दिए जाएंगे। ऐसे में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कौन-कौन जा रहा है राज्यसभा?
भाजपा (8 उम्मीदवार): प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह, OBC मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्यासागर सोनकर, प्रियंका रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडेय और राम प्रताप सिंह चौहान।
समाजवादी पार्टी (2 उम्मीदवार): सपा के वरिष्ठ रणनीतिकार प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवाणी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के 10 मौजूदा सांसदों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते यह चुनाव प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)