दुधवा नेशनल पार्क में 3 बाघों की मौत पर CM योगी सख्त, जांच कर रिपोर्ट सौंपने का दिया निर्देश
फाइल फोटो


दुधवा नेशनल पार्क में बाघों की मौतों को गंभीरता से लेते हुए शासन ने दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर बी. प्रभाकर और बफर जोन के डीएफओ सुंदरेश को हटा दिया गया है। बरेली के मुख्य वन संरक्षक ललित वर्मा को दुधवा के फील्ड डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

4 बाघ और 1 तेंदुए की हुई थी मौत

इस मामले में दुधवा टाइगर रिजर्व के तीन क्षेत्रीय वन अधिकारियों, दो उप क्षेत्रीय वन अधिकारियों और चार वन दरोगा को भी हटाकर अन्य कार्यालयों से संबद्ध कर दिया गया है। शासन ने दुधवा टाइगर रिजर्व में बीते कुछ दिनों के दौरान चार बाघों और एक तेंदुए की मौत से जुड़े मामले की जांच विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय टीम से कराने का निर्णय भी किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुधवा में एक के बाद एक चार बाघों और एक तेंदुए की मौत को गंभीरता से लेते हुए वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव वन मनोज सिंह और प्रधान मुख्य वन संरक्षक ममता संजीव दुबे की समिति गठित कर उसे दुधवा जाकर मामले की जांच करने का निर्देश दिया था।

गश्त और निगरानी में मिली लापरवाही

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वन मंत्री के नेतृत्व में जांच समिति के सदस्य शुक्रवार रात दुधवा पहुंचे थे और मामले की जांच करने के बाद देर शनिवार देर शाम लखनऊ वापस लौट आए थे। जांच समिति को दुधवा में गश्त और निगरानी में कमी और लापरवाही मिली थी। लखनऊ लौटने के बाद वन मंत्री ने मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें जांच के निष्कर्षों से अवगत कराया था।मुख्यमंत्री जांच समिति के निष्कर्षों से संतुष्ट नहीं है। 

खासतौर पर जिस तरह से समिति ने जांच शुरू करने से पहले ही बयान दिए, उससे शीर्ष स्तर पर असहमति जताई गई है। इसलिए दुधवा के फील्ड डायरेक्टर और बफर जोन के डीएफओ को हटाते हुए मामले की जांच विशेषज्ञों की समिति से कराने की तैयारी है।

फील्ड डायरेक्टर के पद से हटाए गए बी प्रभाकर

दुधवा फील्ड डायरेक्टर के पद से हटाये गए बी. प्रभाकर को उप्र जैव विविधता बोर्ड के सचिव पद का दायित्व दिया गया है। वहीं डीएफओ सुंदरेश को इसी पद पर एटा भेजा गया है। बरेली के मुख्य वन संरक्षक का चार्ज वहां के वन संरक्षक विजय सिंह को दिया गया है।

इस प्रकरण में दुधवा टाइगर रिजर्व की मैलानी रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी राजकुमार शर्मा, मैलानी रेंज, उत्तर खीरी वन प्रभाग (बफर जोन) के क्षेत्रीय वन अधिकारी साजिद हसन और उत्तर निघासन रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी बलवन्त बहादुर सिंह को हटा दिया गया है। राजकुमार शर्मा को दुधवा टाइगर रिजर्व के उप निदेशक कार्यालय तथा साजिद हसन व बलवन्त बहादुर सिंह को प्रभागीय वनाधिकारी उत्तर खीरी वन प्रभाग (बफर जोन) के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

मैलानी रेंज के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी वीपी सिंह को हटाकर टाइगर रिजर्व के उप निदेशक कार्यालय तथा मैलानी रेंज, उत्तर खीरी वन प्रभाग के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी अनुज रंजन को डीएफओ उत्तर खीरी वन प्रभाग (बफर जोन) के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मैलानी रेंज के वन दरोगा (बीट इंचार्ज) जगदीश प्रसाद राणा को उप निदेशक कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

उत्तर निघासन रेंज के वन दरोगा मुशीर अहमद व पुष्कर सिंह तथा मैलानी रेंज, उत्तर खीरी वन प्रभाग के वन दरोगा सोनू भारती को डीएफओ उत्तर खीरी वन प्रभाग (बफर जोन) के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें