हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए पुतिन से मिलने रूस जाएंगे उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग
किम जोंग उन और व्लादिमीर पुतिन


प्योंगयांग/ मास्को : उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन जल्द ही रूस दौरे पर जाएंगे। यहां वह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। किम जोंग रूस दौरे के दौरान पुतिन से हथियार सौदे पर बातचीत करेंगे। दरअसल यूक्रेन पर रूसी हमला हुए डेढ़ साल से अधिक का समय होने के बाद रूस को हथियारों की जरूरत महसूस हो रही है। उत्तर कोरिया लगातार आधुनिक हथियार बनाकर अमेरिका सहित पश्चिमी जगत को चुनौती दे रहा है। 


यूक्रेन युद्ध के बाद रूस को भी अमेरिका सहित पश्चिमी देशों से मोर्चा संभालना पड़ रहा है। ऐसे में रूस और उत्तर कोरिया की निकटता बढ़ाने की बात कही जा रही है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच इस महीने मुलाकात हो सकती है। दावा किया गया है कि यह मुलाकात रूस में होगी और पुतिन व उन के बीच होने वाली बैठक में हथियार सौदे को लेकर बातचीत होगी। 

रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देशों के नेताओं में मुलाकात के बाद उत्तर कोरिया की ओर से रूस को यूक्रेन युद्ध के लिए हथियारों की आपूर्ति शुरू की जा सकती है। माना जा रहा है कि रूस, उत्तर कोरिया से लंबी दूरी की मिसाइलें खरीद सकता है। उत्तर कोरिया भी इस समझौते को लेकर उत्सुक है। यही वजह है कि आम तौर पर देश से बाहर न निकलने वाले उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन रूस के दौरे की तैयारी कर रहे हैं।

अमेरिका उत्तर कोरिया से रूस को हथियारों की आपूर्ति को लेकर पहले से चिंतित है। अमेरिका ने पिछले सप्ताह ही रूस को उत्तर कोरिया से गुप्त बातचीत को लेकर चेतावनी दी थी। अमेरिका के नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रवक्ता एड्रियन वाटसन ने कहा कि हम पहले ही सार्वजनिक रूप से चेतावनी दे चुके हैं कि रूस और उत्तर कोरिया के बीच हथियारों के समझौते को लेकर बातचीत हो रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें