यूपी में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयार‍ियों में जुटी भाजपा
फाइल फोटो


अगले लोकसभा चुनाव के लिए जनाधार बढ़ाने में लगी भाजपा इस उद्देश्य से दलित वोटों को सहेजने में भी जुटी है। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से संचालित किए जा रहे बस्ती सपंर्क अभियान के तहत पार्टी रोजाना प्रदेश की सवा दो हजार दलित बस्तियों में पहुंच कर मोदी-योगी सरकारों की उपलब्धियां बताने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से वंचित अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को उनका लाभ दिलाने में जुटी है।

एक हफ्ते के इस अभियान के तहत भाजपा तकरीबन 15 हजार दलित बहुल बस्तियों में संपर्क और संवाद के जरिये अनुसूचित जातियों के बीच अपनी जड़ें मजबूत करेगी। अगड़ी जातियों में पैठ बनाने के साथ पिछड़ों को भी काफी हद तक साधने के बाद भाजपा की निगाह दलित समुदाय के वोट बैंक पर है। बीती 26 सितंबर से शुरू कर दो अक्टूबर तक संचालित किये जाने वाले बस्ती संपर्क अभियान का उद्देश्य दलितों से संपर्क और संवाद बढ़ाना है।

इस दौरान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता दलित बहुल बस्तियों में जाकर लोगों से पूछ रहे हैं कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है या नहीं। दलित बिरादरी के जो पात्र व्यक्ति योजनाओं से अछूते रह गए हैं, उनकी सूची बनाकर संबंधित क्षेत्र के भाजपा विधायकों और सांसदों को सौंपी जा रही है ताकि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। लाभार्थी संपर्क से इतर इस अभियान का एक और पहलू है।

भाजपा के विरोधी दल उस पर संविधान में छेड़छाड़ कर आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त करने का आरोप लगाते रहे हैं। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया कहते हैं कि बस्ती संपर्क अभियान के माध्यम से हम विरोधी दलों के इस दुष्प्रचार की हवा भी निकालना चाहते हैं। इसलिए मोर्चा के कार्यकर्ता दलित बस्तियों में छोटी-छोटी चौपालों के माध्यम से दलितों के बीच इस भ्रम को दूर करने में लगे हैं।

कनौजिया के मुताबिक अभियान का जोर सामाजिक समरसता पर भी है। दलित और मलिन बस्तियों में नाली, खड़ंजा, सड़क और मार्ग प्रकाश से जुड़ी समस्याओं के दृष्टिगत अभियान के माध्यम से ऐसी स्थानीय समस्याओं का समाधान कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। दलितों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए अभियान के दौरान अधिक आबादी वाली बड़ी बस्तियों पर पार्टी का फोकस ज्यादा है।

भाजपा सांसदों-विधायकों के साथ आज बैठक

बस्ती संपर्क अभियान के नतीजों से उत्साहित भाजपा दलितों के बीच अपनी मुहिम की धार तेज करने की तैयारी कर रही है। दलितों के बीच अपने अभियान की सफलता से उत्साहित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर भाजपा के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेगा।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें