भाजपा के पक्ष में वोट डलवाने की जिम्मेदारी सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की : सीपी जोशी
जोशी ने कहा कि जनता कमर कसके बैठी है, जिस सरकार ने हमारे साथ धोखा किया है, उसे सत्ता से उखाड़ फेंकना है।


जयपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने रविवार को सांगानेर से भाजपा प्रत्याशी भजनलाल शर्मा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं तथा आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा 36 कौम को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास इस ध्येय के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काम कर रहे हैं, जिसके परिणाम आज पूरे देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी भारत के बढ़ते यश और वैभव में के रूप में दिखाई दे रहा है। 

जोशी ने कहा कि जनता कमर कसके बैठी है, जिस सरकार ने हमारे साथ धोखा किया है, उसे सत्ता से उखाड़ फेंकना है। जो तुष्टिकरण से समाज को बांटे, किसान, युवा, महिलाओं के साथ छल, कपट करे, उनकी रक्षा नहीं कर पाए। युवाओं के हिस्से की नौकरियों को माफियाओं के हाथों बिकवाते हैं, ऐसी सरकार को सत्ता में रहना का कोई हक नहीं। जोशी ने कहा कि आज पूरे देश में सबसे अधिक महंगाई राजस्थान में है। महंगाई बढ़ने का कारण इस सरकार का भ्रष्टाचार है। हमारे खून पसीने की मेहनत का पैसा जो प्रदेश के विकास में लगना चाहिए था, वह भ्रष्टाचारियों की जेब में चला गया। भाजपा की सरकार आएगी और इन भ्रष्टाचारियों को सजा दिलायेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि तुष्टिकरण में डूबी यह सरकार भगवा पताका पर रोक लगाती है। मंदिरों को तुड़वाती है और जय श्री राम नारा लगाने वालों को जेल भेजती है। 1992 में विवादित ढांचा गिराए जाने पर उन्होंने भाजपा की सरकार गिराई थी। समय बदल गया है, आज भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन रहा है। 

जोशी ने प्रदेश मीडिया सेंटर में विधि विभाग सदस्यों द्वारा लिखित विधि चुनाव निर्देशिका पुस्तक का विमोचन किया। इस दौरान चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नारायण पंचारिया, वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत, प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा, पूर्व राज्यसभा सांसद रामकुमार वर्मा, मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, विधि विभाग के सौरभ सारस्वत, भुवनेश शर्मा, योगेन्द्र सिंह तंवर, देवांग चतुर्वेदी, सीएम मीणा सहित विभाग के सभी सदस्य उपस्थित रहे। 


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें