जौनपुर में बोले अखिलेश यादव – सपा के पक्ष में हो रही है धुआंधार वोटिंग
जौनपुर जिले के शाहगंज में अखिलेश यादव


जौनपुर : जौनपुर जिले के के शाहगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि अब तक के चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में धुआंधार वोटिंग हुई है। इस बार धुआं वाले धुआं-धुआं हो जाएंगे। दावा किया कि सपा प्रत्याशी की रिकॉर्ड मतों से जीत होगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि कहने को तो भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन काम और वादों का आंकलन करेंगे तो दुनिया की सबसे झूठी पार्टी भाजपा नजर आएगी। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को समय पर खाद नहीं दे पाई। खाद मिली तो बोरी से पांच किलो की चोरी हो गई। अगर ये भाजपा वाले दोबारा आ गए तो खाद की बोरी से 10 किलो की चोरी कर लेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि  आखिरी चरण आपका है। पहली बार मैं देख रहा हूं कि जनता चुनाव लड़ रही है। सपा नेता ने कहा कि सपा ने अपने शासनकाल में जो एंबुलेंस चलाई थी उसे बाबा मुख्यमंत्री ने खराब कर दी। बाबा जी ने डायल 100  को भी बर्बाद कर दिया। यह देश का सबसे बड़ा चुनाव है। यह बदलाव का चुनाव है। यह भारत के संविधान को बचाने का चुनाव है। 

अखिलेश यादव ने कहा उन्हें (भाजपा) अब तो उन्हें नींद नहीं आ रही है। कहा कि हम परिवार वाले लोग बाबा मुख्यमंत्री को सलाह देते हैं। भाजपा के लोगों को जौनपुर के लोगों ने मौन कर दिया है। पांचवें चरण में तो भाजपा के लोग शांत हो गए हैं।  6वें में उनकी भांप निकाल देंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में  11 लाख सरकारी पद खाली है। सत्ता में आने पर भर्ती निकाली जाएगी। सरकार बनेगी तो 24 घंटे बिजली दी जाएगी और 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। किसानों की सिंचाई माफ होगी, नौकरी और रोजगार के अवसर दी जाएगी। जरूरत पड़ेगी तो जौनपुर को एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम किया जाएगा। उन्होंने फिर से दोहराया कि सपा की इस बार ऐतिहासिक जीत होगी।   हम सरकार बनाने के लिए  वोट मांगने आए हैं। अखिलेश यादव आज और तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा। कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार कहते हैं हम परिवादी लोग है। उन्होंने बलिया में 15 बार इस शब्द का इस्तेमाल किया था। हम कहते हैं कि हम परिवार वाले लोग हैं और बाबा मुख्यमंत्री को सलाह देते हैं, जब जाना तो अपने गुल्लू के लिए बिस्किट लेते जाना। हालांकि वे 11 मार्च को गोरखपुर के लिए लखनऊ से टिकट बुक करा लिए हैं। 

जौनपुर में अखिलेश यादव – फोटो : अमर उजाला अखिलेश यादव ने कहा कि जब पिछली बार वोट चाहिए था तो इन्होंने फ्री सिलेंडर बांटे थे, जब आज वोट मांगने आए हैं तो बताओ सिलेंडर का रेट क्या है? हम लोग चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रहे थे। ये देश का सबसे बड़ा चुनाव है। इसका असर देश की राजनीति पर पड़ेगा। इस बार जिनको हार का सबसे डर है वो पहले से ही बनारस पहुंच गए हैं।

अखिलेश ने दावा किया कि इस बार ना केवल जौनपुर बल्कि बनारस, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़, भदोही, गाजीपुर के लोग इनका खाता तक नहीं खुलने देंगे । सपा नेता ने कहा कि समाजवादियों ने जौनपुर में मेडिकल कॉलेज दिया। मैं यहां कह कर जा रहा हूं कि सपा सरकार आएगी तो ऐसा मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। जिससे यहां के गरीबों को नि:शुल्क और उच्च कोटि का इलाज यहीं पर मिलेगा !


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें