यूरोपीय यूनियन की सहमति के बाद जब्त की जाएगी पुतिन की संपत्तियां, जल्द होगी घोषणा 
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन


ब्रसेल्स : यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले करने के बाद रूस की चारों ओर आलोचना हो रही है. इतना ही नहीं अमेरिका समेत कई यूरोपीय देशों ने आर्थिक प्रतिबंध लगाने के बाद यूरोपीय यूनियन (ईयू) अब राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है. जिसके बाद पुतिन की यूरोप के 27 देशों में मौजूद संपत्ति जब्त करने की तैयारी है. ब्रसेल्स में शुक्रवार को हुई बैठक में काफी हद तक सहमति भी बन गई है. जल्द ही इसे लेकर घोषणा की जाएगी.

लक्जमबर्ग के विदेश मंत्री जीन एसीबोर्न ने बताया कि ईयू के सभी 27 देशों के विदेश मंत्री रूस पर नए प्रतिबंधों पर विचार करने के लिए एकत्रित हुए थे, तभी पुतिन पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई. पुतिन के साथ ही रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पर प्रतिबंध लगाने और उनकी संपत्ति जब्त करने पर भी विचार हुआ.

 यूक्रेन पर हमले के लिए पुतिन और लावरोव को जिम्मेदार मानते हुए प्रतिबंध लगाने पर जल्द निर्णय लिया जा सकता है, लेकिन इस प्रतिबंध में दोनों की यात्रा पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा. क्योंकि किसी भी तरह की शांति वार्ता के लिए दोनों नेताओं की जरूरत पड़ सकती है. इसके अतिरिक्त रूस पर कई और प्रतिबंध लग सकते हैं. नए प्रतिबंधों के बाद रूस का विदेश व्यापार बहुत मुश्किल हो जाएगा.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक विदेश की खबरें