कीव : यूक्रेन पर रूसी हमले के 20वें दिन भी स्थितियां सामान्य होती नहीं दिख रही हैं। रूस ने यूक्रेन पर अबतक 900 मिसाइलें दागी हैं। राजधानी कीव सहित यूक्रेन के दो दर्जन से अधिक शहर धू-धू कर जल रहे हैं। दोनों देशों के बीच युद्धविराम की कोशिशें भी रंग लाती नहीं दिख रही हैं।
मारियूपोल में आम नागरिकों की मौत के अलग-अलग दावों के बीच आधिकारिक बयान सामने आया है। इसमें कहा गया है कि 14 मार्च तक रूसी हमलों में मारियूपोल में 2,357 आम नागरिकों की मौत हो गई। रूस की ओर से यूक्रेन की राजधानी कीव पर भी जोरदार हमला बोला जा रहा है। यहां सुबह-सुबह कई धमाकों की आवाज सुनाई दी है। कीव के एक अपार्टमेंट में रूस की ओर से रातभर गोलीबारी की गई। इसके बाद अपार्टमेंट में आग लग गई।