सुनक मंत्रिमंडल में सात महिलाएं को मिली जगह, भारतीयों के खिलाफ बोलने वाली सुएला ब्रेवरमैन को फिर बनाया गृहमंत्री
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक


लंदन : ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने सत्ता संचालन के लिए अपने मंत्रिमंडल का ऐलान कर दिया है। सुनक मंत्रिमंडल में सात महिलाओं ने स्थान पाया है। बीते दिनों लिज ट्रस के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाली सुएला ब्रेवरमैन को पुनः गृह मंत्री बनाया गया है। भारतवंशी सुएला पिछले दिनों भारतीयों के खिलाफ बोलने के लिए भी चर्चा में आई थीं।

ऋषि सुनक ने अपने मंत्रिमंडल में कुल 30 लोगों को शामिल किया है, जिनमें से सात महिलाएं हैं। भारतवंशी सुएला ब्रेवरमैन को सुनक द्वारा पुनः गृह मंत्री बनाए जाने पर तमाम चर्चाएं हो रही हैं।

दरअसल सितंबर में प्रधानमंत्री बनी लिज ट्रस ने भी सुएला को गृह मंत्री बनाया था, किन्तु पिछले बुधवार को उन्होंने अपने एक बयान को लेकर उठे विवाद के बाद इस्तीफा दे दिया था। अब एक सप्ताह के भीतर सुएला दोबारा ब्रिटेन की गृह मंत्री बन गयी हैं। अपने इस्तीफे में सुएला ने मंत्री पद की गोपनीयता भंग करने की बात स्वीकार करने के साथ ही तत्कालीन प्रधानमंत्री लिज ट्रस की आलोचना की थी। अब एक बार फिर सुएला पर ब्रिटेन की सीमाओं की सुरक्षा, पुलिस व्यवस्था और आतंकवाद पर लगाम कसने की जिम्मेदारी होगी।

सुनक ने अपने मंत्रिमंडल में प्रधानमंत्री पद के चुनाव में अपनी प्रतिद्वंद्वी रही पेनी मॉर्डंट को हाउस ऑफ कॉमन्स के नेता के रूप में फिर से नियुक्त किया है। वह प्रिवी काउंसिल की पीठासीन अधिकारी की भूमिका का भी निर्वहन करेंगी। लिज ट्रस सरकार में विदेश व राष्ट्रमंडलीय मामले संभालती रहीं गिलियन कीगन को सुनक सरकार में शिक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है। कीगन सितंबर 2021 से सितंबर 2022 तक स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल विभाग की मंत्री भी रह चुकी हैं।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक विदेश की खबरें