देश में खेल और खिलाड़ियों को सशक्त बनाने की दृष्टि से देखा जा रहा : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी


नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि अब देश में खेल और खिलाड़ियों को सशक्त बनाने की दृष्टि से देखा जा रहा है। पहले देश के नौजवानों में खेल का जज्बा होता था, लेकिन संसाधनों की कमी और सरकारी सहयोग का अभाव आड़े आ जाता था। अब हमारे खिलाड़ियों की इस चुनौती का समाधान हो रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार दोपहर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जयपुर महाखेल के प्रतिभागियों को संबोधित किया। जयपुर महा खेल का आयोजन, जयपुर ग्रामीण से लोकसभा सदस्य राज्यवर्धन सिंह राठौर द्वारा 2017 से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान ने देश को कई खेल प्रतिभाएं दी हैं और कई पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा, “इतिहास गवाह है कि इस वीर भूमि के बच्चे अपने शौर्य से युद्ध के मैदान को खेल के मैदान में बदल देते हैं। इसलिए अतीत से लेकर आज तक जब भी देश की सुरक्षा का सवाल उठता है, तो राजस्थान के युवा किसी से पीछे नहीं रहते हैं।”

नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं से ‘श्री अन्न’ यानी मोटे अनाज का ब्रांड एम्बेसडर बनने की अपील की है। उनसे इसके लाभ के बारे में स्कूल कॉलेजों में चर्चा करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में मना रहा है और राजस्थान बाजरा की एक बहुत ही समृद्ध परंपरा का घर है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि कार्यक्रम में 125 से अधिक लड़कियों की टीमों ने भाग लिया।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक देश की खबरें