साहिबगंज : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि अब समय आ गया है, जब जनता भाजपा को जवाब देगी। आज देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। कभी लोग गैस के सात सिलेंडर लिया करते थे लेकिन आज ऐसी स्थिति है कि लोग एक रिफिल नहीं करा पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संसद में पूछा था कि अडानी की संपत्ति ढाई साल में 13 लाख करोड़ हो गई। ये अडाणी प्रधानमंत्री मोदी के मित्र हैं। मोदी ने अडानी को सरकारी पैसा दिया है। इसलिए संपत्ति में इजाफा हुआ है। एलआईसी का पैसा दिया। एसबीआई का पैसा अडाणी को दिया। अब तक 82 हजार करोड़ अडाणी को मोदी ने दिया है। देश का प्रधानमंत्री झूठ बोलता है। संसद में अडाणी की बात उठाई तो बाहर कर दिया गया। गरीबों की बात हमने किया तो हमारे भाषण को असंसदीय कह दिया गया।
खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अडाणी को देश में ही नहीं विदेशों में भी ठेका दिलाया। मोदी जी बताएं कि अडाणी आपके साथ कितनी बार विदेश गए। जब यही बात हमने संसद में रखा तो उसे काट दिया गया। उन्होंने कहा कि हम देश में किसानों के लिए लड़ रहे हैं। मजदूरों के लिए लड़ रहे हैं लेकिन भाजपा अपने दोस्तों के लिए काम कर रही है। खड़गे ने कहा कि हम देश की उन्नति के लिए हर मुसीबत से टकरायेंगे।