निकायों में विकास के नाम पर भाजपा ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया : अखिलेश
लखनऊ नगर निगम से समाजवादी पार्टी की मेयर प्रत्याशी वंदना मिश्रा के साथ पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को अखिलेश यादव ने किया संबोधित


लखनऊ :  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज प्रदेश में चल रहे है निकाय चुनाव पर सत्ताधारी दल भाजपा को घेरते हुए कहा कि निकायों में विकास के नाम पर भाजपा ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। अखिलेश ने कहा कि राज्य के सभी 17 नगर निगमों में सबसे ज्यादा भाजपा के मेयर रहे है बावजूद इसके सभी निगमो की जनता विकास से दूर रही है और विकास के नाम पर इनके मेयरों ने सिर्फ भ्रष्टाचार किये है। यही कारण है कि आज भाजपा को अपने ज्यादतर सिटिंग मेयरों के टिकट काटने पड़े। 

लखनऊ नगर निगम से समाजवादी पार्टी की मेयर प्रत्याशी वंदना मिश्रा के साथ पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि उदाहरण के लिए अगर हम लखनऊ देख लें तो लखनऊ नगर निगम में सबसे ज्यादा भाजपा के मेयर रहे है, इसी तरह कानपुर नगर निगम में भाजपा के मेयर रहे, वाराणसी और आगरा में भी उन्हीं के मेयर रहे फिर भी इन जगहों पर विकास शून्य ही दिख रहा है। अखिलेश ने कहा कि सरकार कहती है कि ट्रिपल इंजन चाहिए, पर ट्रिपल इंजम तो बहुत दिनों से चल रहा हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा स्मार्ट सिटी की बात कर रही तो दूसरी तरफ नालियों से लेकर सड़कें तक सब ख़स्ताहाल है। अखिलेश ने कहा इन बुनियादी समस्यों पर ध्यान न देते हुए जिस तरह का यहाँ भ्रष्टाचार हुआ है वो काबिले गौर है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शहर पर नही हर शहर पर उंगलियां उठी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के मेयर पर उंगली उठी तो भाजपा ने उनका टिकट काट दिया। शाहजहांपुर में भाजपा के पास प्रत्याशी नही था तो सपा का प्रत्याशी तोड़ लिया। अखिलेश ने कहा आज लखनऊ में जो भी बड़ा काम दिख रहा है ये सब समाजवादी सरकार में हुए काम है। उन्होंने कहा सपा ने मेट्रो जहां तक बना दी है मेट्रो आज भी वही तक चल रही है। इस सरकार में मेट्रो के लिए आगे कोई काम नही हुआ।

अखिलेश ने सवाल किया स्मार्ट सिटी के नाम पर सरकार क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि रिवर फ़्रंट का हाल वैसे का वैसा है। लखनऊ में जितनी बिल्डिंग बनी थी जो सिग्नेचर बिल्डिंगें थी जो शहर को खूबसूरती देती सब वैसी की वैसी है। कहीं कोई काम नही हुआ। इस शहर में सैकड़ों ऐसे पार्क है जो बर्बाद कर दिए इस सरकार ने। बड़े पार्कों को सुविधायें नही दे पा रहे है। कोई ऐसी सड़क नही है जहाँ जाम न लगता हो जबकि जाम को ठीक करने के नाम पर इन्होंने सिर्फ मीटिंगें की।  अखिलेश ने कहा कि इस निकाय चुनाव में भाजपा जनता को मूल मुद्दों से भटकाना चाहती है। समाजवादी पार्टी की कोशिश होगी कि भाजपा जनता को मूल मुद्दों से भटका न पाये। इस मौके पर अखिलेश ने मतदाताओं के नाम एक अपील भी जारी की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें