हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 : भारत-चीन अपने पहले मैच में  होंगे आमने-सामने
File Photo


चेन्नई : एशियन हॉकी फेडरेशन ने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी चेन्नई 2023 के आगामी संस्करण के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट की शुरुआत 3 अगस्त को कोरिया और जापान के बीच पहले मैच से होगी, इसके बाद इसी दिन दूसरे मैच में पाकिस्तान का सामना मलेशिया से होगा, जबकि दिन के तीसरे मैच में मेजबान भारतीय टीम का सामना चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में चीन से होगा।

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023, 3 अगस्त से शुरू होगी और 12 अगस्त तक चलेगी। टूर्नामेंट में छह टीम कोरिया, मलेशिया, पाकिस्तान, जापान, चीन और भारत हिस्सा ले रहे हैं। सभी टीमें एक ही पूल का हिस्सा हैं और अंक तालिका में स्थान लीग प्रणाली द्वारा तय किए जाएंगे।

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में डिफेंडिंग चैंपियंस दक्षिण कोरिया है, जिसने टूर्नामेंट का 2021 संस्करण जीता था। भारतीय पुरुष हॉकी टीम (2011, 2016 और 2018) और पाकिस्तान (2012, 2013 और 2018) दोनों ने तीन-तीन खिताब जीते हैं।

इस अवसर पर, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ.दिलीप तिर्की ने कहा, “हम हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी चेन्नई 2023 की मेजबानी करके बहुत खुश हैं और कार्यक्रम की घोषणा करना एक ऐतिहासिक दिन है। हालांकि मैं निश्चित रूप से भारतीय पुरुष हॉकी टीम को खिताब जीतते देखना पसंद करूंगा, मुझे यकीन है कि सभी देश अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।"


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक खेल की खबरें