प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की यात्रा समाप्त कर, दो दिवसीय मिस्र की यात्रा के लिए हुए रवाना
पीएम मोदी अमेरिका से मिस्र के लिए हुए रवाना


काहिरा : अमेरिका की यात्रा समाप्त कर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचेगे। इस दौरान यहां दोनों देशों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने, कारोबार एवं आर्थिक सहयोग के नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी। प्रधानमंत्री मोदी की मिस्र की यह पहली यात्रा है।


प्रधानमंत्री मोदी यहां में प्रथम विश्वयुद्ध में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। पीएम मोदी अमेरिका की चार दिवसीय राजकीय यात्रा पूरी कर वाशिंगटन से काहिरा के लिए रवाना हो चुके हैं। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के निमंत्रण पर मोदी की मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा 1997 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

मिस्र दौरे के दौरान पीएम मोदी हेलियोपोलिस कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव कब्रिस्तान का भ्रमण करेंगे। यहां प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मिस्र और फिलिस्तीन के लिए लड़ते हुए शहीद भारतीय सेना के लगभग 4,000 सैनिकों के स्मारक हैं। भारत के प्रधानमंत्री मोदी राजधानी काहिरा में स्थित अल हकीम मस्जिद भी जाएंगे।

प्रधानमंत्री की मिस्र यात्रा का कार्यक्रम स्थानीय समयानुसारः

24 जून- अपराह्न 2:45 बजे काहिरा आगमन।
5:10 बजे मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली के साथ राउंड टेबल बैठक।
6:10 बजे भारतीय समुदाय के साथ बातचीत।
6:50 बजे - मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात।
7:15 बजे मिस्र के विद्वानों से चर्चा।

25 जून- 9:30 बजे अल हकीम मस्जिद का दौरा।
10:30 बजे हेलियोपोलिस युद्ध कब्रिस्तान का दौरा।
11:00 बजे मिस्र के राष्ट्रपति के साथ बैठक। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता। एमओयू पर हस्ताक्षर।
2:00 बजे संवाददाता सम्मेलन। 3:00 बजे भारत के लिए प्रस्थान।

काहिरा में भारत के राजदूत बोले
काहिरा में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते ने कहा है कि भारत और मिस्र दो सबसे प्राचीन सभ्यताएं हैं और हमारे संबंध चार हजार साल से भी ज्यादा पुराने हैं। सदियों से हमारे समुद्री संपर्क रहे हैं। हाल के वर्षों में, खासतौर पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद, संबंध और भी मजबूत हुए हैं।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें