नेपाल में भारी बारिश और भूस्खलन से 41 लोगों की मौत, 31 लापता, 50 जिले प्रभावित
नेपाल में मानसून में हुई तेज बारिश के कारण भूस्खलन की चपेट में अब तक 130 घर पूर्ण रूप से ध्वस्त हो चुके हैं जबकि 93 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।


काठमांडू : नेपाल में मानसून की बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आने से अब तक 41 लोगों की मौत हो गई है। 14 जून से शुरू हुए मानसून के बाद बाढ़ और भूस्खलन से देश के 50 जिले प्रभावित हुए हैं। इन आंकड़ों में 31 लोगों के लापता होने की भी खबर है। 

गृह मंत्रालय के आपदा प्रबन्धन विभाग के प्रमुख महादेव पन्थी ने बताया कि भूस़्खलन से अब तक 55 लोग घायल हो चुके हैं, जिनका देश के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पन्थी ने बताया कि बाढ और भूस्खलन से प्रभावित 50 जिलों में से 20 में मानवीय क्षति हुई है। 6 जिलों में लापता हुए 31 लोगों को ढूंढने का प्रयास अभी भी चल रहा है।

हालांकि, इनमें से कुछ लोगों के जीवित बचने की संभावना बहुत ही कम बताई जा रही है। विभागीय प्रमुख पन्थी ने कहा कि संखुवासभा, ताप्लेजुंग, पांचथर, मकवानपुर जिलों में भूस्खलन की चपेट में लोग लापता हुए हैं जबकि महोत्तरी जिले में बाढ़ में बहने से लोग लापता हैं।

मानसून में हुई तेज बारिश के कारण भूस्खलन की चपेट में अब तक 130 घर पूर्ण रूप से ध्वस्त हो चुके हैं जबकि 93 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।  मौसम विभाग ने इन वर्ष कम बारिश होने की संभावना जताई थी, लेकिन कुछ जिलों में भारी बारिश के कारण जान माल का नुकसान हुआ है। कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां बहुत ही कम बारिश हुई है।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें