अखिलेश यादव ने बारिश के बाद वीडियो ट्वीट करते हुए भाजपा सरकार के विकास पर  साधा निशाना
फाइल फोटो


आगरा में दक्षिण-पश्चिम मानसून और मध्य प्रदेश में विकसित हुए चक्रवात ने बरसात का 20 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। 22 घंटे में 144 मिलीमीटर (एमएम) बरसात हुई। बारिश के बाद शहर में हुए जलभराव पर सपा मुखिया और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने ट्वीट में लिखा कि देश की पर्यटन राजधानी आगरा में भाजपाई विकास की कश्तियाँ तैर रही हैं… तैरिए की आप आगरा में हैं।

बारिश से जगह जगह पर हुआ जलभराव

आगरा में बुधवार दोपहर 12 बजे लगभग यमुना किनारा स्ट्रेची ब्रिज के नीचे रोडवेज बस फंस गई, इसमें सवार यात्रियों को सामान लेकर पानी में उतरना पड़ा तो कुछ ने पास से गुजरते ट्रैक्टर की ट्राली का सहारा लिया। इस दौरान यहां यातायात बाधित हो गया।

मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रोड पर नाला उफने के कारण पूरे दिन जलभराव रहा। दयालबाग के अमरबाग फेस-दो स्थित शरणम अपार्टमेंट के बेसमेंट में पानी भरने से सात कारें और आठ दोपहिया वाहन फंस गए। दोपहर तीन बजे अपार्टमेंट के लोगों ने ट्रैक्टर मंगाकर गाड़ियों को बाहर निकलवाया। सिकंदरा के केके नगर, बाईपुर सहित अन्य क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को मुश्किल हुई, तो टेढ़ी बगिया, दहतोरा रोड पर सड़कें धंसने से गंभीर हादसे होने से टल गए। नगर निगम ने शहर के नालों की सफाई कागजों पर कर दी, लेकिन वर्षा के बाद नालों के उफान से जनता को नुकसान झेलना पड़ा। शहर के सभी नाले उफने और अधिकांश सड़कों पर जलभराव हो गया। दयालबाग क्षेत्र के अमरबाग के रहने वाले अमित ने बताया कि 10 वर्ष से रह रहे हैं, लेकिन ऐसा बुरा हाल कभी नहीं हुआ। सड़क पर पानी भर गया तो घरों और बेसमेंट में पानी भरने से लोगों को वाहन फंस गए। इस कारण लोगों को अपने कार्यो से अवकाश लेना पड़ा।

एक लोडिंग टेंपू गड्ढे में जाने से पलटने से बचा

अमर विहार पुलिस चौकी वाले रोड पर तिराहे से आगे जलभराव के कारण एक लोडिंग टेंपू गड्ढे में जाने से पलटने से बचा। ट्रांसपोर्ट नगर की गलियों में पानी भरने से कई दुकानें नहीं खुल सकीं तो कार्य भी बाधित रहा। मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रोड पर घरों और कुछ दुकानों में पानी भरने से यात्रियों को नुकसान हुआ। कारगिल पेट्रोल पंप से पश्चिम पुरी रोड पर भी जलभराव और गहरे गड्ढे से लोग जूझते रहे। 

बल्केश्वर क्षेत्र में घराें में पानी घुसने से कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ। मोती लाल नेहरु रोड पर पानी भरा रहने से यातायात में मुश्किल हुई। विजय नगर कालोनी में सालों बाद हुआ जलभराव नालों सफाई की खानापूरी को उजागर कर रहा था।

नगर निगम की टीमें अपने कार्या को दावा करती रहीं, लेकिन लोगों को पूरे दिन समस्याओं से जूझना पड़ा। टेढ़ी बगिया क्षेत्र में मारबल की दुकान के ठीक सामने कई फीट गहरा गड्ढा होने से हादसा होने से बचा।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें