नई दिल्ली : रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच BCCI ने सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने चयन समिति को साफ संदेश दिया है कि खिलाड़ियों से जुड़ी गोपनीय चर्चाएं मीडिया तक नहीं पहुंचनी चाहिए।
चयनकर्ताओं की बातचीत लीक होने से नाराज BCCI मीडिया में खबरें आई थीं कि चयनकर्ताओं ने रोहित को बता दिया है कि इंग्लैंड दौरे के बाद वह वनडे टीम की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं होंगे। इसके बाद कहा गया कि लॉर्ड्स में तीसरा वनडे उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इन दावों को आधिकारिक तौर पर खारिज कर दिया है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड इस बात से बेहद नाराज है कि अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति और रोहित के बीच हुई निजी बातचीत लीक हो गई। BCCI ने चयन समिति को हिदायत दी है कि संवेदनशील मामलों पर जानकारी सार्वजनिक न की जाए।
रोहित का रुख: '2027 WC तक खेलना चाहता हूं' रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा फिलहाल संन्यास के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने BCCI के वरिष्ठ अधिकारियों से भी बात की है और 2027 वनडे विश्व कप खेलने की इच्छा जताई है।
हालांकि सूत्रों के हवाले से दो अलग दावे भी सामने आए हैं। एक पक्ष का कहना है रोहित अभी संन्यास नहीं लेंगे, जबकि दूसरा पक्ष कह रहा है कि चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के रवैये से वह निराश हैं और बड़ा फैसला ले सकते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्य कोच गौतम गंभीर को भी थी।
फॉर्म पर भी सवाल रोहित का इस साल वनडे में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने 8 पारियों में सिर्फ 241 रन बनाए हैं। औसत 30.12 रहा और सिर्फ 1 अर्धशतक लगा पाए। इंग्लैंड के खिलाफ पहले 2 मैचों में उन्होंने 11 और 26 रन बनाए।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चयन समिति अब यशस्वी जायसवाल को सीमित ओवरों में लगातार मौके देने के पक्ष में है।
फिलहाल BCCI ने साफ किया है कि रोहित के भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।