यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा, कंटेनर ने 6 लोगों को रौंदा, मौत
तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया.


मथुरा : यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह लघुशंका करने बस से उतरे यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया. घटनास्थल पर ही छह यात्रियों की मृत्यु हो गई, जबकि एक यात्री घायल हो गया. यह घटना सुबह करीब पौने तीन बजे की बताई जा रही है. दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी. 

सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने को कहा, चालक ने ग्रीन जोन में न रोककर रास्ते में ही बस रोक दी. यात्री बस से नीचे लघुशंका के लिए उतरे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया.

मौके पर  ही औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम , दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष व दो अन्य लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे घायल हो गए.

इस  दर्दनाक सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाएं. उन्होंने घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं. मुख्यमंत्री ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई करने को कहा है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें