रोहतास : बिहार के रोहतास में अलग-अलग गांव के कुल पांच लोगों की एक के बाद एक संदिग्ध मौत होने से इलाके में हड़कंप मचा है. आरोप है कि ये लोग बीते 14 फरवरी की रात एक तिलक समारोह से लौटे थे. इसके बाद इनकी तबीयत बिगड़ गई और एक-एक करके सभी ने दम तोड़ दिया.
ये मामला बिक्रमगंज अनुमंडल के मठिया गांव का है. संदिग्ध परिस्थितियों में 5 लोगों की मौत के बाद परिजनों में मातम पसरा है. स्थानीय लोग इन मौतों के पीछे जहरीली शराब, किडनी फेल या कुत्ता काटने जैसी अलग-अलग वजहें बता रहे हैं.
घटना के बाद कुछ लोग जहरीली शराब से मौत की बात कह रहे हैं तो कुछ लोग अन्य कारण बता रहे हैं. मरने वाले सभी लोगों का दाह संस्कार किया जा चुका है. फिलहाल, रोहतास पुलिस प्रशासन इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है.
मृतक के परिवार के एक सदस्य ने कहा, 'हम लोगों को तीन मौतों की जानकारी है. प्रशासन क्या कर रहा है? हमारे घर तिलक था, जो मातम में बदल गया.'
क्या कहता है पुलिस प्रशासन?
पुलिस का कहना है कि परिवार ने डेड बॉडी जला दी है, अगर किसी भी व्यक्ति का शव बरामद होता तो इस मामले की जांच अच्छे से की जा सकती थी. पुलिस ने बताया कि उनकी टीम इस घटना की तह तक जाने की कोशिश कर रही है.