नई दिल्ली | 24 जुलाई को जंतर-मंतर पर CJP के छात्र प्रदर्शन के दौरान फतेहपुर के पूर्व BJP विधायक विक्रम सिंह की बेटी यशस्वी राजे सिंह के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। यशस्वी ने इंस्टाग्राम पोस्ट कर कहा कि भीड़ में एक शख्स ने गलत तरीके से छुआ। विरोध करने पर उन्हें ही डांट पड़ी।
यशस्वी ने इंस्टा पर क्या लिखा
यशस्वी ने बताया कि 24 जुलाई रात करीब 12:15 बजे वह और उनकी बहन मेन स्टेज की ओर जा रही थीं। मेटल डिटेक्टर के पास बेहद संकरी जगह में सैकड़ों लोग ठसाठस भरे थे। आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता भीड़ के साथ बहना था।
उन्होंने लिखा, "हमने महिलाओं की अलग कतार के बारे में पूछा, लेकिन अफरा-तफरी का माहौल था। अचानक 3 फीट दूर एक बैरिकेड गिर गया। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। लगा भगदड़ हो जाएगी। हमने वापस लौटने का फैसला किया।"
इसी दौरान पीछे खड़े एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ की कोशिश की और जबरन पैरों के बीच हाथ डालने का प्रयास किया। यशस्वी ने दावा किया कि उन्होंने आरोपी को 3 थप्पड़ मारे। लेकिन आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने आरोपी के बजाय उन्हें ही डांटना शुरू कर दिया।
यशस्वी ने ये भी कहा कि एक वॉलंटियर ने घटना को टालते हुए कहा- 'ऐसी गलतियां तो होती रहती हैं'।
कौन हैं यशस्वी
यशस्वी राजे सिंह फतेहपुर सदर सीट से दो बार BJP विधायक रहे विक्रम सिंह की बेटी हैं। विक्रम सिंह ने 2014 उपचुनाव और 2017 विधानसभा चुनाव जीता था। उन्होंने 2010 में छात्र राजनीति से शुरुआत कर BJP जॉइन की थी।
पिता का बयान
इस मामले पर जब पूर्व विधायक विक्रम सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा, "मुझे इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। उनकी मम्मी उनके साथ हैं, उन्हें जानकारी होगी। मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं है।"
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद Jantar Mantar पर प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने महिलाओं के लिए अलग कतार और वॉलंटियर ट्रेनिंग की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से FIR दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।