लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक सिरफिरे युवक ने शिक्षिका की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। यह खौफनाक वारदात सुबह करीब 11:30 बजे दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में हुई। अचानक हुई इस गोलीबारी से स्कूल के मासूम बच्चों और पूरे स्टाफ में दहशत फैल गई।
बैग में तमंचा लेकर पहुंचा था आरोपी, कॉरिडोर में दिया वारदात को अंजाम
मृतक आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सऊद अंसारी के रूप में हुई है, जो बैग में अवैध तमंचा छिपाकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था। उसने वहां कार्यरत 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को नीचे संदेश भिजवाकर बुलाया। दोनों जैसे ही दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में बात करने पहुंचे, सऊद ने अचानक बैग से तमंचा निकाला और निशात के सिर में गोली मार दी। शिक्षिका के जमीन पर गिरते ही उसने अपनी कनपटी पर भी बंदूक सटाकर ट्रिगर दबा दिया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग और ब्रेकअप बना हत्या की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक शिक्षिका निशात फातिमा और सऊद अंसारी के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। निशात बीते एक साल से इस स्कूल में पढ़ा रही थीं। हाल ही में दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी और निशात ने उससे दूरी बना ली थी। ब्रेकअप से आहत सऊद गुस्से में था और इसी रंजिश के तहत वह हत्या के इरादे से स्कूल पहुंचा था।
प्रशासनिक महकमे में हड़कंप, स्कूल सुरक्षा और SOP पर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग फॉरेंसिक टीम व भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ख्याति गर्ग ने बताया कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। इसके साथ ही पुलिस इस गंभीर बिंदु पर भी जांच कर रही है कि बाहरी व्यक्ति बिना किसी चेकिंग के हथियार लेकर स्कूल के अंदर कैसे दाखिल हो गया। स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सुरक्षा मानकों की लापरवाही पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।