जज के आवास पर तैनात सिपाही को संदिग्ध परिस्थतियों में गोली लगी
फाइल फ़ोटो


लखनऊ :गौतमपल्ली इलाके में तीन कालीदास मार्ग पर स्थित हाईकोर्ट के न्यायाधीश राकेश श्रीवास्तव के आवास के बाहर गार्ड ड्यूटी में लगे सिपाही मनोज कुमार मौर्य को संदिग्ध हालात में गोली लग गई गई। घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। सिपाही को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सिपाही मनोज मूल रूप से उतरौला गोंडा का रहने वाला हैं।

एडीसीपी सेंट्रल राघवेंद्र मिश्रा के मुताबिक सिपाही पीएसी 30 बटालियन में तैनात था। वह न्यायाधीश के घर के बाहर गार्ड की ड्यूटी में तैनात था। तड़के करीब 3:30 बजे वह पहरा दे रहा था। इस बीच उसकी एसएलआर (सेल्फ लोडिंग राइफल) हाथ से छूटकर गिर गई। राइफल लाक नहीं थी। इस बीच गोली चली और उसकी थोढ़ी में लग गई।

गोली की आवाज सुनते ही बैरक में मौजूद अन्य सिपाही दौड़े। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गौतमपल्ली इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ पहुंचे। घायल सिपाही को सिविल अस्पताल लेकर जाया गया। उसकी हालत नाजुक देख उसे ट्रामा रेफर किया गया। ट्रामा में सिपाही की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एडीसीपी ने बताया कि गार्ड ड्यूटी तीन-तीन घंटे की शिफ्ट में लगती है। सिपाही मनोज रात एक से चार बजे तक की ड्यूटी पर था। ड्यूटी छूटने से करीब आधे घंटे पहले हादसा हो गया। सिपाही के घर वालों को सूचना दे दी गई है। वह 2018 बैच का सिपाही है।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें