उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा नेताओं पर अभद्र भाषा का आरोप लगाया
फाइल फोटो


यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा आरोप लगाया है। केशव मौर्य ने कहा, अखिलेश यादव का वश चले तो वो मेरी हत्या करा दें। वह मुझे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। मीडिया में आने के लिए ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं।

डिप्टी सीएम मौर्य के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, सपा सबसे प्यार करती है। हम तो सारस और पक्षी तक से प्रेम करने वाले लोग हैं। हमें तो केशव प्रसाद मौर्य से भी बहुत स्नेह है। उन्हें (केशव प्रसाद मौर्य) हमसे कोई भी खतरा नहीं है।

अखिलेश ने कहा, मौर्य को केवल खतरा कुर्सी का है, जो कभी भी जा सकती है। सपा का गठबंधन बीजेपी को हराने जा रहा है। सपा का गठबंधन दलितों-वंचितों-किसानों-नौजवानों से है, बीजेपी सांड सफारी बनाए।

अखिलेश मेरे लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं

इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था, अखिलेश यादव और उनके मंडली के लोग मेरी प्रगति नहीं देख सकते। वे मेरे खिलाफ किसी भी हद तक जा सकते हैं। अगर वश चले, तो मेरी हत्या तक करा सकते हैं। वे मेरे खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। जबकि मैंने उन्हें हमेशा सम्मान दिया है. मैंने कभी किसी पार्टी के किसी नेता के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। यूपी की जनता ने सपा को हमेशा करारा जवाब दिया है।


केशव प्रसाद मौर्य ने आगे कहा कि अखिलेश यादव और उनके मंडली के द्वारा अपशब्दों का प्रयोग किए जाने का फैशन बना लिया है, इसका जबाब जब जब चुनाव होंगे,जनता वोट की चोट से साइकिल पंचर करके देगी.

सारस छीने जाने पर जताई नाराजगी

वहीं अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए भाजपा जमकर निशाना साधा था। उन्होंने प्रधानमंत्री का नाम लिए बगैर कहा कि जब सरकार सारस को छीन रही है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो, जो मोर को दाना खिला रहे हैं। उस मोर को भी छीना जाए। उन्होंने सवाल सवाल किया कि क्या अधिकारियों में यह हिम्मत है कि मोर को छीन सकते हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दिनों इटावा में सारस सेंटर बनने की परियोजना तैयार की गई थी। सरकार ने उसे खत्म कर दिया। भाजपा के लोग मानव ही नहीं जीव जंतु और पेड के भी दुश्मन हैं। जी 20 के दौरान तमाम पेड़ काट दिए गए। भाजपा के लोगों ने जी 20 के गमले चुरा लिए। एक हजार एकड़ में एक लाख 36 हजार पेड़ लगते हैं। भाजपा सरकार बताएं इन्होंने 150 करोड़ पेड़ कहां लगाएं

अखिलेश ने ये भी कहा कि मुझे आशंका हैं कि ये सरकार मुझें जेल भी भेज सकती है
पहले भी दोनों में हो चुकी हैं बयानबाजी

अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य के बीच बयानबाजी किसी से छिपी नहीं है. दोनों के बीच एक दूसरे पर तीखे हमले लगातार होते रहते हैं। बीते साल विधानसभा में भी दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग देखने को मिली थी। तब उसकी खासी चर्चा भी हुई थी। बुधवार को सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने भी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बारे में कहा था कि वो एक छोटा विभाग भी नहीं संभाल पा रहे है।

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें