टैग:#समाजवादी पार्टी, #राष्ट्रीय अध्यक्ष, #प्रदेश, #पूर्व मुख्यमंत्री,#अखिलेश यादव,
अखिलेश यादव बोले- 2024 का चुनाव लोकसभा का नहीं है हमारे आपके भविष्य का चुनाव
अखिलेश यादव


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि अपने कारनामों के कारण सरकार अब वसूली सरकार बन गई है, सारी दुनिया में यह अब वसूली सरकार के रूप में विख्यात हो चुकी है।

इलेक्ट्रोरल बॉन्ड पर सरकार को घेरा

अपने पैतृक गांव सैफई में होली के अवसर पर लोगों को संबोधित करते उन्होंने कहा है कि जिस तरह से हजारों करोड़ों रुपए के इलेक्ट्रोरल बांड का घोटाला सामने आया है उससे केंद्र की भाजपा सरकार कहीं न कहीं कटघरे में खड़ी हो गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि चंदा किसी से भी स्वेच्छा से लिया जाता है लेकिन सरकार के दबाव में ईडी सीबीआई के जरिए लोगों से जबरिया वसूली की जा रही है। कितनी अजीब बात है बताओ एक ही व्यक्ति एक को पैसा दे तो वह कह रहे हैं काला धन है और वही कंपनी बीजेपी को दे तो वह चंदा है। बीजेपी यह सब छुपाने के लिए कार्रवाई कर रही है। बीजेपी से सावधान रहना होगा, यह कुछ भी कर सकते हैं।

बोले- इसे चंदा नहीं गुंडई कहा जाता है

उन्होंने कहा कि अगर चंदे के नाम पर ईडी सीबीआई के जरिए जबरिया वसूली की जाती है तो उसको चंदा नही बल्कि गुंडई कहा जाता है,यह गुंडई देशवासी खुले आम अब देख भी रहे है। उन्होंने लोगों को याद दिलाते हुए कहा हैं कि हम सबको मिलकर के लगातार अन्याय के खिलाफ लड़ते रहना है। मुझे उम्मीद है आने वाले लोकसभा चुनाव न केवल 2024 का चुनाव नहीं है बल्कि यह हमारे देश के भविष्य का चुनाव है।

कहा- यह संविधान बचाने का चुनाव है 

उन्होंने कहा कि यह चुनाव जहां भविष्य का है वही संविधान बचाने का भी चुनाव है संविधान बचेगा तभी लोकतंत्र बचेगा, 2024 का चुनाव लोकसभा का नहीं है हमारे आपके भविष्य का भी चुनाव है।

उन्होंने लखीमपुर खीरी में किसानों के ऊपर आंदोलन के दौरान हुए हमले का उदाहरण देते हुए कहा कि जिनके बेटे ने किसानों पर गाड़ी चढ़ाने का काम किया था। जिन पर किसानों की हत्या करने का आरोप था उन्हीं को फिर से टिकट दिया गया।

कहा- सावधान नहीं रहे तो लोकतंत्र नहीं बचेगा 

उन्होंने कहा की आज जहां हम लोग होली का त्योहार मना रहे हैं। यह बहुरंगी रंगों का त्यौहार, कई लोगों को सिर्फ एक रंग पसंद है। हमारा लोकतंत्र तब मजबूत होगा जब बहुरंगी होगा। उन्होंने कहा है कि सभी समाजवादियों की जिम्मेदारी बनती है कि मुलायम सिंह यादव की विचारधारा को और ऊंचाई तक लेकर जाएं।

हमारे कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को बचाएं। बूथ परसेंट बढ़ाये, 51 फीसदी से आगे ले जाए। वोट डालने से लेकर वोट पड़वाने तक हमें पूरी तरह सावधान रहना है अगर सावधान नहीं रहे तो इस बार लोकतंत्र नहीं बचेगा।

उन्होंने कहा है कि हमें पूरा भरोसा है आसपास के क्षेत्र के साथ पूरा उत्तर प्रदेश सपा के साथ इंडिया गठबंधन के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा है कि सबसे ज्यादा धोखा अगर किसी के साथ हो रहा है वह नौजवान और किसानों के साथ अगर 10 वर्ष बीजेपी और रह गई तो नौजवान सभी बूढ़े हो जाएंगे। उन्होंने लोगों के साथ फूलों की होली खेली फूलों की होली खेली। सांसद डिंपल यादव, प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, तेज प्रताप सिंह यादव मौजूद रहे।

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें